नगर निगम ने विज्ञापन ठेका भी नहीं छोड़ा और पुरानी फर्म से पैसा भी नहीं जमा कराया। दीपावली के इस पीक सीजन में शहर में विज्ञापन तो किया जा रहा है, लेकिन निगम को आमदनी नहीं हो रही।
भाजपा पार्षद मुकेश त्यागी ने महापौर को पत्र लिखकर संबंधित फर्म से विज्ञापन का पैसा जमा कराने की मांग की है। इससे पहले महापौर तेलूराम कांबोज ने भी इस फर्म की पैरवी की थी।
उन्होंने नगर आयुक्त को पत्र लिखकर कहा था कि जब तक नए सिरे से विज्ञापन के टेंडर नहीं छोड़े जाते तब तक इसी फर्म से पुरानी निविदा के आधार पर पैसा जमा कराकर विज्ञापन करने के लिए अधिकृत कर दिया जाए।
कोर्ट ने भी फर्म के पक्ष में निर्णय दिया था। अब फर्म से निगम ने न तो पैसा जमा कराया और न ही नए सिरे से ठेका छोड़ा। मुकेश त्यागी का कहना है कि इससे निगम को वित्तीय घाटा हो रहा है।