राजधानी में नगर निगम स्कूलों से पांचवीं पास करने के बाद दिल्ली सरकार के स्कूलों में प्लान एडमिशन के तहत छठी कक्षा में होने वाले दाखिले ऑनलाइन होंगे। अभिभावकों व बच्चों को किसी प्रकार का फॉर्म भरने के लिए स्कूल नहीं बुलाया जाएगा।
कोविड-19 महामारी के कारण प्लान एडमिशन की प्रक्रिया इस बार पूरी नहीं हो सकी है। पूर्व निर्धारित शेड्यूल के अनुसार, प्लान एडमिशन 25 मार्च से 30 अप्रैल के बीच पूरे होने थे, लेकिन लॉकडाउन के कारण स्कूल बंद होने से दाखिले नहीं दिए जा सके हैं।
प्लान एडमिशन के तहत नगर निगम के फीडर स्कूलों से पांचवीं के बच्चे दिल्ली सरकार के लिंक स्कूलों में छठी में दाखिला लेते हैं। छठी में दाखिला लेने वाले बच्चों और उनके अभिभावकों को बुलाया जाता है। ऐसे में इस बार शिक्षा निदेशालय ने स्पष्ट किया है कि कोविड-19 गाइडलाइंस के मुताबिक सभी को सोशल डिस्टेंसिंग का पालन करना अनिवार्य है, लिहाजा कोई भी स्कूल छठी में दाखिले के लिए अभिभावकों या बच्चों को स्कूल नहीं बुलाएगा।
निदेशालय की ओर से सरकारी व सरकारी सहायता प्राप्त स्कूलों को स्पष्ट किया गया है कि वह अभिभावकों व बच्चों को छठी में दाखिले के लिए किसी प्रकार का फॉर्म भरने के लिए नहीं बुलाएं। फीडर एमसीडी स्कूल के प्राचार्य स्कूल लीविंग सर्टिफिकेट (एसएलसी) 20 मई तक दिल्ली सरकार के लिंक (छठी वाले स्कूल) में ऑनलाइन ही भेजेंगे। 30 मई तक स्कूलों को प्लान एडमिशन की प्रक्रिया पूरी करने को कहा गया है।