- ऑनलाइन करना होगा आवेदन, 27 जनवरी तक कर सकेंग आवेदन
अमर उजाला ब्यूरो
नई दिल्ली। शैक्षणिक सत्र 2026-27 के लिए जामिया मिल्लिया इस्लामिया के अलग-अलग स्कूलों में दाखिले को लेकर कार्यक्रम जारी हो गया है। कक्षा नर्सरी, केजी, पहली, छठीं, नौवीं और 11 वीं में दाखिला के लिए आवेदन किया जा सकेगा। इस संबंध में जामिया के कुलसचिव कार्यालय ने सूचना जारी कर दी है।
दाखिले के लिए ऑनलाइन https://admission.jmi.ac.in/ लिंक पर जाकर आवेदन करना होगा। जामिया के मुशीर फातिमा नर्सरी स्कूल और सैयद आबिद हुसैन सीनियर सेकेंडरी स्कूल की कक्षा नर्सरी, प्रेप और पहली में दाखिला के लिए सात जनवरी से लेकर 27 जनवरी तक आवेदन कर सकेंगे।
जामिया सीनियर सेकेंडरी स्कूल और गर्ल्स सीनियर सेकेंडरी स्कूल की कक्षा नौवीं और सैयद आबिद हुसैन सीनियर सेकेंडरी स्कूल की कक्षा छठीं और नौवीं में दाखिले के लिए पांच फरवरी से आवेदन कर सकेंगे। इसकी आखिरी तारीख पांच मार्च होगी। जबकि जामिया सीनियर सेकेंडरी स्कूल, जामिया गर्ल्स सीनियर सेकेंडरी स्कूल और सैयद आबिद हुसैन सीनियर सेकेंडरी स्कूल की साइंस, कॉमर्स और आर्ट स्ट्रीम के लिए कक्षा 11वीं में दाखिले के लिए 20 फरवरी से आवेदन कर सकेंगे। आवेदन की अंतिम तारीख 20 मार्च होगी।
दाखिले के लिए होगा ऑनलाइन ड्रॉ
कक्षा नर्सरी, प्रेप और पहली में दाखिला के लिए सात फरवरी को ऑनलाइन ड्रॉ आयोजित किया जाएगा। दूसरी कक्षाओं में दाखिला प्रवेश परीक्षा के आधार पर मिलेगा। इसके लिए प्रवेश परीक्षा दिल्ली, लखनऊ, पटना, श्रीनगर और कोलकाता के परीक्षा केंद्रों पर 29 मार्च से लेकर 12 अप्रैल के बीच में आयोजित की जाएंगी। इसके अलावा जामिया के बालक माता सेंटर के नर्सरी, कक्षा पहली से लेकर पांचवीं में दाखिले के लिए आवेदन फॉर्म (हार्ड कॉपी) मटिया महल, कसाबपुरा और बेरीवाला बाग में पांच मार्च से लेकर 20 अप्रैल तक फॉर्म उपलब्ध होंगे।
छात्रवृत्ति के लिए आवेदन आमंत्रित
जाामिया मिल्लिया इस्लामिया के डीन स्टूडेंट वेलफेयर ने डॉ. एपीजे अब्दुल कलाम छात्रवृत्ति 2024-25 के लिए आवेदन आमंत्रित किए है। जामिया कुलपति ने आर्थिक पिछड़ा वर्ग के स्नातक और परास्नातक छात्रों को छात्रवृत्ति की मंजूरी दी है। छात्रवृत्ति रेगुलर कोर्सेज की पढ़ाई करने वाले छात्रों को मिलेगी। छात्रवृत्ति में 50 फीसदी की प्राथमिकता महिला छात्रों को दी जाएगी। योजना के तहत अधिकतम दस हजार रुपये की फीस शुल्क की अदायगी की जाएगी। हालांकि इसके लिए 75 फीसदी उपस्थिति सहित कई दूसरी शर्ते लागू है। उम्मीदवार छात्रवृत्ति के लिए जामिया की वेबसाइट https://jmi.ac.in/ से आवेदन फॉर्म डाउनलोड कर सकते है। फॉर्म को 25 जनवरी तक डीन स्टूडेंट वेलफेयर कार्यालय में जमा कराना होगा।