नई दिल्ली नगरपालिका परिषद (एनडीएमसी) के स्कूलों में शैक्षणिक सत्र 2024-25 के लिए प्रवेश प्रक्रिया मंगलवार से शुरू होगी। इसके लिए अभिभावक ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं। आवेदन की अंतिम तारीख 20 मार्च है। इसमें कोई आवेदन शुल्क नहीं लिया जाएगा। एनडीएमसी क्षेत्र में कुल 12 नवयुग स्कूल हैं।
इस वर्ष केजी और कक्षा एक के लिए आवेदन एनडीएमसी व संबंधित स्कूलों की वेबसाइटों पर ऑनलाइन मोड से आवेदन कर सकते हैं। आवेदन पत्र के साथ द्विभाषी भाषा में विस्तृत सूचना ब्रोशर भी जारी किया जाएगा। अभिभावक फॉर्म भरने से पहले निर्देशों को ध्यानपूर्वक पढ़ सकते हैं। किसी भी अन्य स्पष्टीकरण के लिए अभिभावक संबंधित नवयुग स्कूल में जाकर या सूचना विवरणियां में दिए गए टेलीफोन नंबर पर कॉल करके संपर्क कर सकते हैं।
अभिभावकों को ऑनलाइन फॉर्म भरने में मदद करने के लिए प्रत्येक नवयुग स्कूल में सुविधा काउंटर स्थापित किए गए हैं। ये आवेदन पत्र केवल प्रवेश स्तर और कक्षाओं के लिए हैं। रिक्ति स्थानों की उपलब्धता को देखते हुए अप्रैल, 2024 में कक्षा 2, 3, 4 और 7 में भी प्रवेश पर विचार किया जाएगा।
हेल्पलाइन नंबर जल्द होगा जारी
दाखिले में सहायता के लिए अभिभावकों के लिए एक हेल्पलाइन नंबर जल्द जारी किया जाएगा। चयनित उम्मीदवारों की सूची एनडीएमसी वेबसाइट पर प्रकाशित की जाएगी और मोबाइल संदेश और कॉल के माध्यम से संचारित की जाएगी। चयन स्वीकृत अधिकारी द्वारा पूर्व-मंजूरित अंक मानदंडों पर आधारित होगा।
छठी और सातवीं कक्षा में प्रवेश प्रक्रिया के आधार पर एडमिशन
सरोजिनी नगर स्थित नवयुग स्कूल में कक्षा छठी और सातवीं में प्रवेश पूरी तरह राष्ट्रीय परीक्षण एजेंसी (एनटीए) एनएसएसएनईटी-24 द्वारा आयोजित लिखित परीक्षा के माध्यम से निर्धारित योग्यता पर आधारित है। एनएसएसएनईटी-2024 के माध्यम से लगभग 140 सीटों के लिए 1800 से अधिक छात्रों ने आवेदन किया है।
एनडीएमसी के उपाध्यक्ष सतीश उपाध्याय ने कहा कि एनडीएमसी का उद्देश्य समाज के सभी वर्गों के लगभग 9 हजार छात्रों को गुणवत्ता शिक्षा प्रदान करना है। नवयुग स्कूल का मिशन आर्थिक रूप से कमजोर बच्चों को मूल्यों, पर्यावरण जागरूकता, एडवेंचर, और शारीरिक शिक्षा पर जोर देने के साथ आधुनिक शिक्षा प्रदान करने का है।
नवयुग स्कूलों का गौरवपूर्ण इतिहास है कि यहां से पढ़े छात्र विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्टता प्राप्त कर चुके हैं। नवयुग स्कूल निजी स्कूलों के समान अंग्रेजी माध्यम में मुफ्त, गुणवत्ता शिक्षा प्रदान करने के लिए स्थापित किए गए हैं। यह स्कूल रणनीतिक रूप से विभिन्न क्षेत्रों में स्थित हैं जैसे कि सरोजिनी नगर, गोल मार्केट, लक्ष्मीबाई नगर, लोदी रोड, मोती बाग, विनय मार्ग, पंडारा रोड, मंदिर मार्ग, पटौदी हाउस, दरभंगा हाउस और जोर बाग।