कोरोना संकट के चलते इस बार गढ़ गंगा कार्तिक मेले के आयोजन को लेकर जिला प्रशासन ने भी हाथ खड़े कर दिए हैं। डीएम और एसपी की ओर से इस संबंध में शासन को पत्र भेजा गया है। पत्र में बढ़ते कोरोना के प्रसार का हवाला दिया गया है।
इससे पहले जिला पंचायत की ओर से मेले का आयोजन न करने के लिए मुख्यमंत्री से सिफारिश की जा चुकी है। गढ़मुक्तेश्वर गंगा घाट पर लगने वाला एतिहासिक कार्तिक मेला भी कोरोना की भेंट चढ़ता नजर आ रहा है।
इस मेले में जिले के अलावा आसपास के प्रदेशों से भी लाखों की संख्या में लोग गंगा स्नान के लिए आते हैं। इस मेले को लेकर काफी पहले से तैयारियां शुरू कर दी जाती हैं। लेकिन कोरोना की स्थिति को देखते हुए इस बार जिला प्रशासन इस मेले का आयोजन करना नहीं चाहता।
जिला पंचायत भी बोर्ड बैठक के दौरान मेले का आयोजन न करने के लिए मुख्यमंत्री को पत्र भेज चुका है। अब जिला प्रशासन ने भी इस पर संस्तुति करते हुए डीएम और एसपी की ओर से संयुक्त रूप से शासन को पत्र भेजा गया है।