दिल्ली पुलिस ने सामाजिक कार्यकर्ता सोनम वांगचुक और उनके साथियों समेत 126 लोगों को सोमवार रात हिरासत में ले लिया। मिली नई जानकारी के मुताबिक, अब 150 लोगों को हिरासत में लिया गया है। हालांकि इस धारा में अब किसी को गिरफ्तार नहीं किया जाता। यह भी बताया जा रहा है कि पुलिस 24 घंटे से ज्यादा हिरासत में भी नहीं रख सकती। ऐसे में पुलिस यह रणनीति बना रही है कि यह किसी तरह नई दिल्ली एरिया में न पहुंचे। सभी सीनियर अधिकारी दिल्ली की सीमाओं व दिल्ली में गश्त कर रहे हैं। जंतर-मंतर और राजघाट समेत कई जगहों की सुरक्षा बढ़ा दी गई है।
आतिशी को सोनम वांगचुक से मिलने से रोका
वहीं सीएम आतिशी सोनम वांगचुक से मिलने थाने पहुंची हैं। लेकिन उन्हें रोक दिया गया है। बवाना थाना पहुंची हैं। केंद्रशासित प्रदेश लद्दाख को विशेष दर्जा दिलाने के लिए वांगचुक ने साथियों के साथ प्रदर्शन करने के लिए सिंघु सीमा से दिल्ली में प्रवेश किया था। पुलिस ने कानून-व्यवस्था का हवाला देते हुए यह कार्रवाई की। बाहरी उत्तरी जिला पुलिस उपायुक्त रवि कुमार सिंह ने सभी लोगो के हिरासत में लिए जाने की पुष्टि की है और कहा है कि इन्हें दिल्ली के अलग-अलग थानों में रखा गया है।
उत्तरी-बाहरी जिला डीसीपी रवि कुमार सिंह ने बताया कि दिल्ली में धारा 163 लागू है। ऐसे में यह सभी लोग दिल्ली की सीमाओं में एक साथ प्रवेश कर रहे थे। जबकि धारा 163 लागू होने पर 5 या 5 से अधिक लोग एकसाथ इकट्ठा नहीं हो सकते। पुलिस ने सोनम समेत कुल 126 लोगों को हिरासत में लिया है। इन सभी को दिल्ली पुलिस के अलग-अलग थानों में रखा गया है।
पुलिस अधिकारियों के अनुसार सभी को देर रात तक हिरासत में रखा हुआ था। इनके खिलाफ धारा 163 का उल्लंघन करने पर धारा 223 के तहत कानूनी कार्रवाई की जाएगी। इसके अलावा दिल्ली पुलिस ने दिल्ली की सीमाओं पर चौकसी बढ़ा दी है। दिल्ली में धारा 163 लागू करने के साथ साथ अलर्ट भी जारी कर दिया है। सीमाओं पर भारी पुलिस बल तैनात किया गया है।
इस संबंध में सोनम वांगचुक ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर वीडियो पोस्ट कर हिरासत में लिए जाने की जानकारी दी। सोनम वांगचुक ने एक्स पर दो मिनट 26 सेकेंड का एक वीडियो पोस्ट किया। जिसमें उन्होंने कहा कि मुझे दिल्ली की सीमा पर 150 पदयात्रियों के साथ हिरासत में लिया जा रहा है।
सिंघू बॉर्डर पहुंचे लद्दाख सांसद
बता दें कि यह लोग केंद्र शासित प्रदेश लद्दाख को विशेष दर्जा देने के लिए दिल्ली के जंतर-मंतर व राजघाट समेत कई जगहों पर प्रदर्शन करने के लिए दिल्ली में प्रवेश कर रहे थे। लद्दाख के सांसद हाजी हनीफा मंगलवार को दिल्ली और हरियाणा के बीच सिंघू सीमा पर पहुंचे। जहां उन्होंने मीडिया से बातचीत के दौरान कहा कि सभी जानते हैं कि लद्दाख पर्यावरण और संवैधानिक अधिकारों की रक्षा के लिए सरकार के साथ बातचीत कर रहा है।
राहुल गांधी ने कहा- ये चक्रव्यू भी टूटेगा
कांग्रेस सांसद राहुल गांधी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर लिखा, 'सोनम वांगचुक जी और पर्यावरण और संवैधानिक अधिकारों के लिए शांतिपूर्ण मार्च कर रहे सैकड़ों लद्दाखियों को हिरासत में लेना अस्वीकार्य है। वांगचुक जी और पर्यावरण और संवैधानिक अधिकारों के लिए शांतिपूर्ण मार्च कर रहे सैकड़ों लद्दाखियों को हिरासत में लेना अस्वीकार्य है। लद्दाख के भविष्य के लिए खड़े होने वाले बुजुर्गों को दिल्ली की सीमा पर क्यों हिरासत में लिया जा रहा है? मोदी जी, किसानों की तरह यह चक्रव्यूह भी टूटेगा और आपका अहंकार भी टूटेगा। आपको लद्दाख की आवाज सुननी होगी।'
सोनम वांगचुक मिलने जाएंगी सीएम आतिशी
दिल्ली की मुख्यमंत्री आतिशी ने कहा कि सोनम वांगचुक और हमारे 150 लद्दाखी भाई-बहन शांतिपूर्ण तरीके से दिल्ली आ रहे थे। उनको पुलिस ने रोक लिया है। कल रात से बवाना थाने में कैद हैं। आतिशी ने सवाल पूछते हुए कहा कि क्या लद्दाख के लोकतांत्रिक अधिकार मांगना गलत है? क्या 2 अक्तूबर को सत्याग्रहियों का गांधी समाधि जाना ग़लत है? सोनम वांगचुक को रोकना तानाशाही है। आज दोपहर एक बजे मैं उनसे मिलने बवाना थाने जाऊंगी।