राजधानी में कोरोना संक्रमण अब बेदम हो रहा है। यहां वायरस के सक्रिय मरीजों की संख्या 10 हजार से कम हो गई है। जो संक्रमण प्रभावित राज्यों में सबसे कम है। वहीं, ऐक्टिव मरीजों के मामले में अब दिल्ली देश में 14 वे स्थान पर आ गई है।
लगातार सुधरते हालातों में खुशी जताते हुए मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने कहा कि दिल्ली में अब एक्टिव मरीजों की संख्या 10 हजार से कम हो गई है। मंगलवार को मौत का आंकड़ा भी 12 पर पहुंच गया। उन्हें दिल्ली के वासियों पर गर्व है। केजरीवाल ने कहा कि दिल्ली मॉडल की चारो तरफ चर्चा हो रही है,लेकिन अभी भी सतर्क रहते हुए सभी सावधानियां बरतने की जरूरत है।
दिल्ली स्वास्थ्य विभाग के मुताबिक, कुल संक्रमितों की संख्या 1,39,156 हो गई। इसमें से 1,25,226 लोग ठीक हो चुके हैं। यानी, एक्टिव मरीजों का आंकड़ा 9897 पर पहुंच गया है। जो कुल संक्रमितों का महज 7.1 फीसदी हैं। तीन जुलाई तक इन मरीजों की संख्या 26,148 थी। इस हिसाब से देखें तो एक माह में एक्टिव मरीज 62 फीसदी कम हुए हैं।
सक्रिय मरीजों की संख्या लगातार कम होने का कारण है कि एक महीने से रोजाना औसतन 1600 मरीज ठीक हो रहे हैं। बीते एक महीने की बात करे तो अधिकतर दिन संक्रमितों से ज्यादा संख्या ठीक होने वाले मरीजों की ही रही है।
उधर,संक्रमण प्रभावित राज्यों में सबसे कम सक्रिय मरीज अब दिल्ली में ही बचे हैं। कर्नाटक, महाराष्ट्र, तमिलनाडु और उत्तर प्रदेश में एक्टिव मामले 40 हजार से ज्यादा है । हरियाणा, उत्तराखंड,गोवा, चंदीगढ, झारखंड, मध्य प्रदेश, पंजाब और पूर्वी भारत के राज्यों में ही अब राजधानी से कम सक्रिय मरीज हैं।
विशेषज्ञों का मानना है कि अगर इसी रफ्तार से मरीज कम होते रहे तो आने वाले एक से दो महीने में इन मरीजों की संख्या एक हजार के अंदर सिमट जाएगी। इसका मतलब होगा कि राजधानी में संक्रमण पर काबू पा लिया गया है। डॉक्टर विजय विक्रम बताते हैं कि बीते एक महीने से नए मामलों में काफी कमी हुई है। अस्पतालों और होम आइसोलेशन में रहने वाले मरीज तेजी से ठीक हो रहे हैं। अगर,मरीजों के ठीक होने की तादाद इसी प्रकार बढ़ती रही और नए मरीज कम आए तो आने वाले दिनों में यहां संक्रमण बेदम हो जाएगा।
बीते एक महीने में ऐसे कम हुए सक्रिय मरीज
तारीख एकिटव मरीज
3 जुलाई 26148
7 जुलाई 25449
11 जुलाई 19895
15 जुलाई 17807
19 जुलाई 16031
23 जुलाई 14554
27 जुलाई 10994
31 जुलाई 10705
04 अगस्त 9897