तेजाब हमले का शिकार हुई डायटीशियन और आरोपी राहुल गर्ग की मुलाकात करीब 10 माह पुरानी है। एसएसपी ने बताया कि अक्तूबर 2017 में राहुल गर्ग और डायटीशियन की दोस्ती फेसबुक के माध्यम से हुई थी। उस वक्त डायटीशियन ने खुद को अविवाहित बताया था। नवंबर 2017 में दोस्ती प्रेम में बदल गई और दोनों के बीच संबंध हो गए। मार्च 2018 में राहुल को पता चला कि डायटीशियन शादीशुदा है और उसका एक बच्चा भी है, लेकिन उनकी दोस्ती बनी रही।
मई में राहुल को शक हुआ कि डायटीशियन किसी अन्य व्यक्ति से भी मिलती-जुलती है। तीन मई को राहुल का जन्मदिन था। डायटीशियन ने उसे गोविंदपुरम स्थित होटल पार्थ इन में पार्टी दी थी। इस पार्टी में कई अन्य लोग भी शामिल हुए। यहां से उसे लगा कि डायटीशियन के किसी और से भी संबंध है। बीती 19 जुलाई को डायटीशियन की बहन की शादी थी। इससे एक सप्ताह पूर्व राहुल और उसे मिलना था। राहुल एक स्थान पर उसका इंतजार कर रहा। तब डायटीशियन एक लग्जरी कार से उतरी। इसके बाद वह एक-दो बार फिर से कार के मालिक के साथ देखी गई। इस पर राहुल आगबबूला हो उठा।
घर जाकर परिजनों के सामने दी थी धमकी
एसएसपी वैभव कृष्ण ने बताया कि प्रेम संबंधों में खटास आने से नाराज राहुल गर्ग अपने तीन अन्य दोस्तों राहुल पुरी निवासी रानीपुर हरिद्वार, पुष्कर त्यागी निवासी बुगरासी बुलंदशहर और आयुषी त्यागी निवासी संजय नगर के साथ 30 जुलाई को डायटीशियन के घर पहुंचा। यहां पीड़िता का पति, सास, मां और दो पारिवारिक मित्र थे। उनके सामने उसने डायटीशियन से प्रेम संबंधों का खुलासा किया और पति को आगाह कराया कि उसके किसी और से भी संबंध है। यहां उसने धमकी भी दी थी कि वह मेरी नहीं हुई तो किसी की भी नहीं हो सकती। इसके बाद पीड़िता के पति ने थाने में रिपोर्ट दर्ज कराने की बात कही थी, लेकिन परिजनों ने बदनामी के डर से उसे रोक दिया।
मदद करने वाली महिला कांता देवी को सम्मानित करते एसएसपी
- फोटो : अमर उजाला
पुलिस के मुताबिक 11 अगस्त से ही राहुल ने डायटीशियन पर एसिड अटैक की प्लानिंग कर ली थी, ताकि वह किसी और के साथ न रह सके। उसने अपने साथी उमंग प्रताप को साथ मिलाया। 4 अगस्त को उसे जन्मदिन मनाने के लिए पांच हजार रुपये भी दिए थे। राहुल ने उमंग को बाइक मुहैया कराने और दूसरे साथी को अपने रिश्तेदार (केमिकल कारोबारी) के यहां से तेजाब का इंतजाम करने को राजी किया। तेजाब का इंतजाम होने पर 20 अगस्त को बच्चे को ट्यूशन से छोड़कर लौट रही डायटीशियन पर एसिड अटैक कर दिया। वारदात के दौरान उमंग प्रताप बाइक चला रहा था और राहुल पीछे तेजाब लेकर बैठा था।
तेजाब डालने के बाद दोनों शास्त्रीनगर डी-ब्लॉक पहुंचे। यहां उमंग ने बाइक अपने घर पर खड़ी की और राहुल गर्ग ऑटो से गोविंदपुरम में पहुंचा। यहां से उसने अपनी कार उठाई और मुरादनगर, मोदीनगर होते हुए हरिद्वार निकल गया। राहुल ने सुबूत नष्ट करने के लिए घटना के वक्त पहने हुए कपड़े भी जला दिए थे। एसएसपी का कहना बरामद हुआ तेजाब का खाली डब्बा जांच के लिए फोरेंसिक लैब भेजा जाएगा।
मददगार बनी महिला को किया सम्मानित
डायटीशियन पर तेजाब हमले के बाद संजय नगर की रहने वाली एक महिला कांता देवी ने उसे अस्पताल पहुंचाने में मदद की। एसएसपी ने उन्हें प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया है। वहीं संजय नगर के अमित शर्मा ने पुलिस को कॉल की थी। एसएसपी ने उनकी भी सराहना की और पीड़िता की मदद के लिए धन्यवाद दिया।