हथीन।
साइबर धोखाधड़ी के वांछित आरोपी मुस्तकीम को गिरफ्तार करने उटावड़ पहुंची साइबर थाना पुलिस टीम पर करीब 20 लोगों ने हमला कर दिया। आरोपियों ने पुलिस पर पथराव और लाठी-डंडों से हमला कर हिरासत में लिए गए आरोपी को छुड़ा लिया। हमले में प्रोबेशनरी सब इंस्पेक्टर प्रदीप, सिपाही आकाश और हरकेश घायल हो गए। पुलिस के अनुसार सूचना मिलने पर टीम ने आरोपी मुस्तकीम को उसके घर के पास से काबू कर लिया था। इसी दौरान आरोपी ने शोर मचा दिया, जिसके बाद बड़ी संख्या में लोग मौके पर पहुंच गए और पुलिस टीम पर हमला कर दिया। तीनों घायल पुलिस कर्मियों को इलाज के लिए हथीन सीएचसी लाया गया। तीनों ने मेडिकल परीक्षण कराया। प्रदीप को सिविल अस्पताल पलवल के लिए रेफर कर दिया गया। हमलावरों ने सरकारी वाहन को भी क्षतिग्रस्त कर दिया तथा आरोपी को पुलिस हिरासत से छुड़ाकर फरार हो गए।
इस संदर्भ में उटावड़ थाना पुलिस ने छुड़ाए गए आरोपी मुस्तकीम, उसकी पत्नी मनीषा, फजरी,अंसार उर्फ टीमानी,ताहिर उर्फ तुलली,आसू, आबिद, इमरान सभी निवासी उटावड एवं राशिद निवासी शोलाका एवं आठ दस अन्य के खिलाफ संगीन धाराओं में केस दर्ज किया गया है। उटावड थाना प्रभारी इंस्पेक्टर दिनेश यादव ने बताया कि केस दर्ज कर आरोपियों की गिरफ्तारी के प्रयास किए जा रहे हैं।