- आरोपी ने पीड़ित दिनेश की गर्दन और चेहरे पर चाकू से किया था वार
अमर उजाला ब्यूरो
नई दिल्ली। तीस हजारी कोर्ट ने गवाहों के पलट जाने के बावजूद साक्ष्य और पुलिस की गवाही के आधार पर हत्या के प्रयास मामले में आरोपी अमित राव भोसले उर्फ मुंबईया को दोषी ठहराया है। कोर्ट ने कहा कि वैज्ञानिक साक्ष्य किसी भी आपराधिक मामले में सबसे विश्वसनीय आधार होते हैं। मामला करोल बाग के देव नगर इलाके का है। 27 जनवरी, 2022 को चाय की दुकान पर आरोपी अमित और पीड़ित दिनेश के बीच किसी बात पर झगड़ा हो गया था। इस दौरान आरोपी ने चाकू से दिनेश की गर्दन और चेहरे पर वार कर दिया। गंभीर हालत में घायल दिनेश को तुरंत अस्पताल ले जाया गया। अतिरिक्त सत्र न्यायाधीश भूपिंदर सिंह की अदालत ने कहा कि फॉरेंसिक साइंस लेबोरेट्री (एफएसएल) की रिपोर्ट में बरामद चाकू पर मिला खून पीड़ित दिनेश से मेल खाता है, जो कि मामले का निर्णायक सबूत है।