पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की
माई सिटी रिपोर्टर
ग्रेटर नोएडा। रियल एस्टेट कंपनी के डायरेक्टर पर करोड़ों रुपये की जमीन को फर्जी दस्तावेजों के आधार पर बेचने का आरोप लगा है। इस मामले में कंपनी के अन्य डायरेक्टर ने कोर्ट का दरवाजा खटखटाते हुए शुक्रवार को बीटा-2 कोतवाली में केस दर्ज कराया है। कोतवाली प्रभारी विनोद कुमार का कहना है कि प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है।
नोएडा सेक्टर-75 स्थित गार्डेनिया गेटवे निवासी उमंग अरोड़ा का कहना है कि वह मैसर्स ग्रीन टच रियल्टी प्राइवेट लिमिटेड के डायरेक्टर और शेयरधारक हैं। उनका आरोप है कि कंपनी के ही एक अन्य डायरेक्टर दूर्जेन्द्र भारद्वाज ने कंपनी की जमीन को अवैध रूप से देवराज सिंह और नवीन चौधरी सहित अन्य अज्ञात लोगों के साथ मिलकर बेच दिया।
कोंडली बांगर में कंपनी ने खरीदी थी जमीन
कंपनी ने वर्ष 2013 में गांव कोंडली बांगर, परगना दनकौर में करीब 10 हेक्टेयर भूमि खरीदी थी। इसके विक्रय का अधिकार किसी एक डायरेक्टर को नहीं था। दूर्जेन्द्र भारद्वाज ने फर्जी दस्तावेज तैयार कर 3 अप्रैल 2025 को भूमि के दो अलग-अलग बैनामे कर दिए।