इमामुद्दीनपुर दर्शनालय रोड चांदपुर रोड पर स्थित सीबीएस कॉलेज आफ फार्मेसी एंड टेक्नोलॉजी में छात्रों की 7 लाख 46 हजार रुपये की फीस का गबन होने का मामला सामने आया है। आरोप है कि कॉलेज के लेखाकार ने छात्रों से फीस लेने के बाद उसको कॉलेज के बैंक खाते में जमा ही नहीं करवाया है। छांयसा थाना पुलिस ने कॉलेज के चेयरमैन की शिकायत पर केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
चांदपुर रोड पर स्थित सीबीएस कॉलेज आफ फार्मेसी एंड टेक्नोलोजी के चेयरमैन अमित कुमार ने आरोप लगाया है कि कॉलेज के लेखाकार धर्मनिष्ठ पटेल ने छात्रों से ली गई फीस की नकद राशि का गबन किया है। कॉलेज में अध्ययनरत कई छात्रों ने नकद में फीस जमा की थी, जिसकी कुल राशि लगभग 7 लाख 46 हजार हैं। धर्मनिष्ठ पटेल ने यह राशि कालेज के खाते में जमा न कर स्वयं रख ली। उन्होंने छात्रों को नकद भुगतान की वैध रसीद प्रदान की, जिससे छात्रों को कोई संदेह न हो।
जब कार्यालय की फीस रजिस्टर और ऑनलाइन भुगतान रिकार्ड को मिलाया गया तो पाया गया की इन नकद भुगतानों को कॉलेज के कार्यालय रिकॉर्ड में ऑनलाइन पेमेंट के रूप में दर्शाया गया है। भुगतानों को उन्होंने सिस्टम में ऑनलाइन दिखाया है, लेकिन वास्तव में कभी कॉलेज के बैंक खाते में जमा नहीं हुए। पुलिस प्रवक्ता यशपाल ने बताया कि जो छात्रों से फीस ली है वह इसी साल की है। वहीं, आरोपी लेखाकार को नौकरी पर करीब पांच महीने पहले रखा था। आरोपी मूलरूप से बलिया यूपी का रहना वाला है। आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है। रविवार को कोर्ट में पेश किया जाएगा।