गृह मंत्री आशीष सूद ने दिए जांच के आदेश, डीएम करेंगे पड़ताल
20-25 गज के भूखंड पर बनी थी चार-पांच मंजिला इमारत
अमर उजाला ब्यूरो
नई दिल्ली।
न्यू सीमापुरी में इमारत गिरने की घटना में सरकारी विभागों और उनके अधिकारियों की भूमिका की जांच की जाएगी। गृह मंत्री आशीष सूद ने हादसे की मजिस्ट्रेटी जांच के आदेश दिए हैं। उत्तर-पूर्वी जिले के जिला मजिस्ट्रेट घटना के वास्तविक कारणों से लेकर भवन निर्माण नियमों के उल्लंघन और सरकारी स्तर पर हुई संभावित लापरवाही की पड़ताल करेंगे। जांच में दोषी पाए जाने वाले भवन मालिकों, एजेंसियों और अधिकारियों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
7 अक्तूबर को दोपहर करीब तीन बजे न्यू सीमापुरी के मकान संख्या ई-402 में चार-पांच मंजिला आवासीय इमारत ढह गई थी। यह इमारत महज 20 से 25 वर्ग गज के भूखंड पर बनी थी। हादसे में चार लोगों की मौत हो गई। आसपास की तीन अन्य इमारतों को भी भारी नुकसान पहुंचा। एमसीडी ने उन्हें असुरक्षित घोषित कर खाली करा दिया था। प्रारंभिक जांच में इमारत गिरने की संभावित वजह पास में चल रहे अनधिकृत निर्माण स्थल पर भारी और कंपन पैदा करने वाली मशीनों से की जा रही तोड़फोड़ बताई गई है। आसपास की दूसरी इमारतों में भी संरचनात्मक कमजोरी मिली है। इनमें पर्याप्त कॉलम और बीम के बिना निर्माण किए जाने की बात सामने आई है।
नियमों का उल्लंघन या विभागों की चूक
मजिस्ट्रेटी जांच में भवन निर्माण नियमों और सुरक्षा मानकों के उल्लंघन के साथ सरकारी विभागों और नागरिक निकायों की भूमिका भी देखी जाएगी। जांच अधिकारी यह पता लगाएंगे कि किसी स्तर पर निगरानी में चूक या लापरवाही तो नहीं हुई। राष्ट्रीय आपदा प्रबंधन अधिनियम 2005 के क्रियान्वयन की समीक्षा कर भविष्य में ऐसे हादसे रोकने के लिए स्थायी उपाय भी सुझाए जाएंगे। मंत्री ने कहा कि उनकी सरकार प्रभावित परिवारों को हरसंभव सहायता देगी। किसी दोषी या लापरवाही बरतने वाले अधिकारी को बख्शा नहीं जाएगा।