दिल्ली-एनसीआर समेत उत्तर भारत में सुस्त पड़े मानसून की रफ्तार 13 अगस्त से तेज हो सकती है। बारिश का सिलसिला 16 अगस्त तक जारी रहने के आसार जताए जा रहे हैं। यानी, इस बार स्वतंत्रता दिवस पर बारिश भिगो सकती है।
मौसम विभाग ने आगामी सप्ताह में हल्की से मध्यम स्तर की बारिश की संभावना जताई है। इससे तापमान 31 से 33 डिग्री सेल्सियस के बीच रहेगा। मौसम सुहाना हो जाएगा और गर्मी व उमस से काफी हद तक राहत मिलेगी।
मालूम हो कि दिल्ली-एनसीआर में 6 अगस्त को भारी बारिश हुई थी। इसके बाद से कुछ इलाकों में एक-दो बार रिमझिम बारिश हुई। शनिवार को भी सुबह से आसमान में बादलों ने डेरा डाले रखा।
यह भी पढ़ें:
कबाड़ में न जाएं इसलिए 25 साल पुराने रेलवे के दो डिब्बों में बना दिया ऑफिस, यहीं बैठ रहा स्टाफ
कुछ जगहों पर फुहार भी पड़ी। अधिकतम तापमान 34.3 और न्यूनतम 27.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ। शाम साढ़े पांच बजे तक 000.9 मिमी बारिश दर्ज की गई। रविवार को अधिकतम तापमान 35 व न्यूनतम तापमान 28 डिग्री रहने की संभावना है।