हुडा के सेक्टर 90 में निर्माणाधीन साइट पर मंगलवार की रात को पानी का हौद फटने से चार मजदूरों की मौत हो गई जबकि 12 घायल हैं। घायलों को उपचार के लिए निजी अस्पताल में दाखिल कराया गया है।
दिल्ली-जयपुर हाइवे पर नवादा गांव के पास मास्टर प्लान के सेक्टर 90 में इन्फ्रा कंपनी का निर्माण कार्य चल रहा है। काम करने वाले मजदूर शाम को काम खत्म कर अपने कमरे की ओर पहुंचे। मजदूर अधिक संख्या में वहां पर बने पानी की हौद के पास नहा-धो रहे थे। इसी दौरान पानी के दबाव से हौद की दीवार फट गई।
पानी की टंकी फटने से चार मजदूरों की मौके पर ही मौत हो गई। 12 घायलों को उपचार के लिए निजी अस्पताल में दाखिल कराया गया है। घटना की जानकारी के बाद खेड़कीदौला थाना पुलिस मौके पर पहुंच कर छानबीन कर रही है। पुलिस ने मजदूरों के बयान पर कंपनी प्रबंधन के तीन लोगों के खिलाफ लापरवाही बरतने का मामला दर्ज किया है।