दिल्ली-गुड़गांव एक्सप्रेसवे पर सेक्टर-31 के पास भीषण हादसा होने के बाद जाम की स्थिति बन गई।
आठ घंटे तक एक्सप्रेसवे पर दुर्घटनाग्रस्त ट्रक और ट्राला को नहीं हटाए जाने से शुक्रवार को दिल्ली की तरफ से आने वाले वाहन रुक गए। शंकर चौक तक जाम लगने के बाद सर्विस रोड से वाहनों को निकाला गया। इससे वाहन चालकों को खासी परेशानी झेलनी पड़ी।
तस्वीरें: जब हाईस्पीड ट्रेन के ट्रैक पर दौड़ी बाइक
पुलिस के अनुसार दिल्ली से जयपुर की तरफ जा रहा ट्राला बृहस्पतिवार रात एक्सप्रेसवे पर सेक्टर-31 चौक से कुछ मीटर आगे खराब हो गया। देर रात ढाई बजे दिल्ली की तरफ से तेज रफ्तार में आ रहे ट्रक ने अचानक ट्राला को पीछे से जोरदार टक्कर मार दी। इसमें ट्रक के आगे का बाईं तरफ का हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया।
हादसे के बाद ट्रक बीच एक्सप्रेसवे पर खड़ा रहा। हैरत की बात रही कि रात को करीब ढाई बजे हुए भीषण हादसे के बाद सुबह तक दुर्घटनाग्रस्त ट्राला और ट्रक को एक्सप्रेसवे से नहीं हटाया गया। यही कारण रहा कि दिल्ली की तरफ से एक्सप्रेसवे पर आने वाले वाहन बुरी तरह जाम में फंस गए।
पढ़ें: इसे साइबर नहीं गड्ढा सिटी कहिए जनाब!
पीक आवर्स में स्थिति इतनी बिगड़ गई कि देखते ही देखते शंकर चौक तक वाहनों की लंबी कतारें लग गई। ट्रैफिक पुलिस ने शंकर चौक से पहले वाहनों को सर्विस रोड से निकाला। इसके बाद देखते ही देखते सर्विस लेन भी पूरी तरह जाम हो गई
जाम की बिगड़ी स्थिति के बाद ट्रैफिक पुलिस ने क्रेन को बुलाकर क्षतिग्रस्त ट्रक और ट्राला को एक्सप्रेसवे से हटाया। पुलिस के अनुसार दुर्घटना में दो लोग घायल हुए जिन्हें अस्पताल में दाखिल कराया गया है। वहीं, शाम के समय मारुति कांड की बरसी पर श्रमिकों के पैदल मार्च के चलते हीरो होंडा चौक से राजीव चौक तक जाम की स्थिति बन गई। जिसके चलते वाहन चालकों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ा।