सोसायटी के एफ-2 टावर की 27वीं मंजिल पर फ्लैट नंबर 2607 में साहिल चौहान परिवार के साथ रहते है। रविवार की सुबह पत्नी मुस्कान फ्लैट में अकेली थी। अचानक एसी में ब्लास्ट होने के बाद आग लग गई। महिला ने एसी में लगी आग को बुझाने का प्रयास किया, लेकिन आग तेजी से फैलने लगी। आग बुझाने के दौरान महिला के बाल भी आग की चपेट में आकर जल गए। हालांकि किसी तरह महिला ने बाहर भागकर अपने आप को बचाया और शोर मचाकर मदद मांगी।
शोर सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे। लोगों ने मेंटेनेंस टीम के साथ दमकल विभाग को सूचना दी। आरोप है कि करीब 30 मिनट तक दमकल विभाग नंबर मिलते रहे, लेकिन फोन नहीं लगा। किसी तरह संपर्क होने पर करीब एक घंटे बाद विभाग की टीम मौके पर पहुंची, लेकिन तब तक निवासियों ने आग पर काबू पा लिया था। आग से फ्लैट के अंदर रखा ज्यादातर सामान जलकर राख हो गया है।
निवासियों में रोष, पुलिस से की शिकायत
आग लगने की घटना के बाद से पीड़ित के साथ निवासियों में बिल्डर के खिलाफ काफी रोष है। आरोप है कि फ्लैट के अंदर फायर स्प्रिंक्लर नहीं चले। फायर अलार्म भी नही बजा। अगर फायर सिस्टम काम करता तो ज्यादा नुकसान नहीं होता। निवासियों ने दमकल विभाग पर भी सवाल उठाए है। आरोप लगाया है कि फायर सिस्टम ठीक नहीं होने के बाद भी विभाग ने एनओसी दी है। गुस्साए निवासियों ने बिसरख कोतवाली जाकर बिल्डर के खिलाफ शिकायत दी है।
एसी फटने से फ्लैट में आग लगी थी। टीम के पहुंचने से पहले आग पर काबू पा लिया गया था। सोसायटी के फायर सिस्टम की जांच की गई। तो वह सही मिला है। उसी के पानी से निवासियों ने आग को बुझाया। -अजय कुमार, एफएसओ, इकोटेक तीन फायर स्टेशन