नई दिल्ली। जवाहरलाल नेहरू विश्वविद्यालय (जेएनयू) के स्वास्थ्य केंद्र की चिकित्सा व्यवस्थाओं और छात्रों से दुर्व्यवहार के विरोध में अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (एबीवीपी) का अनिश्चितकालीन धरना 80 घंटे से अधिक समय बाद भी जारी है। एबीवीपी का आरोप है कि प्रशासन की ओर से बातचीत के लिए कोई प्रतिनिधि धरनास्थल पर नहीं पहुंचा।
एबीवीपी ने स्वास्थ्य केंद्र में विशेषज्ञ डॉक्टर, जरूरी दवाओं और प्रभावी शिकायत निवारण व्यवस्था की मांग की है। संगठन का आरोप है कि निरीक्षण करने गए कार्यकर्ताओं के साथ धक्का-मुक्की की गई। मामले में मुख्य चिकित्सा अधिकारी पर कार्रवाई और सीएमओ के इस्तीफे की मांग की गई है। अभाविप जेएनयू अध्यक्ष मयंक पांचाल ने कहा कि उनकी प्रमुख मांगों में स्वास्थ्य केंद्र का पूर्ण मेडिकल, प्रशासनिक और वित्तीय ऑडिट, निष्पक्ष जांच, सीसीटीवी कैमरे लगाने और छात्रों को सस्ती दवाएं उपलब्ध कराने के लिए जन औषधि केंद्र खोलना शामिल है। ब्यूरो