एबीवीपी ने डीयू पीजी दाखिला में मदद के लिए हेल्पलाइन नंबर किए जारी
-उम्मीदवारों की दाखिला संबंधी परेशानियों को किया जाएगा दूर
अमर उजाला ब्यूरो
नई दिल्ली। दिल्ली विश्वविद्यालय (डीयू) पीजी दाखिला में उम्मीदवारों की मदद के लिए अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (एबीवीपी) डीयू इकाई ने हेल्पलाइन नंबर जारी किए हैं। डीयू में दाखिला के लिए देशभर से उम्मीदवार आवेदन करते हैं। दूर-दराज और ग्रामीण क्षेत्रों से आने वाले कई उम्मीदवारों को तकनीकी जानकारी के अभाव में प्रवेश प्रक्रिया, फॉर्म भरने, कट-ऑफ और पाठ्यक्रम चयन में कई कठिनाइयों का सामना करना पड़ता है।
इसी समस्या के समाधान के लिए एबीवीपी ने विषय अनुसार कार्यकर्ताओं की एक हेल्पलाइन टीम गठित की है। उम्मीदवार 9354495185, 9519870289, 9936389453, 8789926606, 9334248976, 6367650450 हेल्पलाइन नंबर से सहायता ले सकते है। एबीवीपी डीयू इकाई अध्यक्ष अभिनव चौधरी ने कहा कि डीयू में पढ़ने का सपना लेकर देश के हर कोने से छात्र आते हैं। कई बार सही जानकारी के अभाव में उन्हें फॉर्म भरने या काउंसलिंग के दौरान बेवजह दिक्कतों का सामना करना पड़ता है। एबीवीपी का यह सहायता संपर्क सूत्र यह सुनिश्चित करेगा कि किसी भी मेधावी छात्र का सपना केवल जानकारी की कमी से न टूटे।
एबीवीपी डीयू इकाई मंत्री अक्षय प्रताप ने कहा कि विद्यार्थी परिषद केवल एक संगठन नहीं बल्कि डीयू में कदम रखने वाले हर नए छात्र का परिवार है। पहले चरण का पंजीकरण होने के तुरंत बाद से ही एबीवीपी इकाई पूरी तरह सक्रिय हो गई है। एबीवीपी हमेशा की तरह छात्र हितों के लिए ढाल बनकर खड़ी है।