जेएनयू से लापता छात्र नजीब अहमद के मामले में पूर्व सचिव व एबीवीपी पदाधिकारी सौरभ शर्मा को जान से मारने की धमकी मिली है। सौरभ के हॉस्टल के पते पर शाहिद खान नाम के व्यक्ति ने स्पीड पोस्ट से पत्र भेजकर इस मामले से दूर रहने को कहा है।
पत्र में धमकी भरे शब्दों में लिखा है कि यदि नजीब नहीं मिला तो तुम्हारे टुकड़े-टुकड़े कर दिए जाएंगे। सौरभ के मुताबिक, हॉस्टल के पते पर शाहिद खान, जहांगीरपुरी निवासी ने यह पत्र भेजा है, जिसमें उसने अपना मोबाइल नंबर भी दिया है।
सौरभ के मुताबिक, इस पूरे मामले में उसका रोल नहीं है। हालांकि इस मामले में उन्होंने विश्वविद्यालय प्रबंधन को जानकारी देते हुए सुरक्षा की गुहार लगाई है।