नई दिल्ली। दिल्ली विवि छात्र संघ चुनाव का बिगुल बजते ही छात्र संगठनों ने अपनी उपलब्धियों का बखान शुरू कर दिया है। चुनावी रण में ताल ठोंकते हुए एबीवीपी ने मंगलवार को एक साल में डूसू में किए गए अपने कार्यों की जानकारी दी। एबीवीपी ने दावा किया कि हमने बीते साल जिम्मेदार डूसू देने के वादे को पूरा किया है। पूरे साल छात्रों की परीक्षा, हॉस्टल, सुरक्षा, शिक्षा, खेल और अन्य सुविधाओं से जुड़ी समस्याओं को उठाया गया और उनके समाधान के लिए प्रशासन के साथ लगातार बातचीत की गई। डीयू छात्र संघ का कार्यकाल मंगलवार को समाप्त हो गया। इसके साथ ही डूसू कार्यालय पर अब ताला लगा दिया गया है। अब नए डूसू के गठन के बाद ही यह कार्यालय खोला जाएगा। एबीवीपी दिल्ली प्रदेश मंत्री सार्थक शर्मा ने कहा कि छात्रों की समस्याओं को समझकर उनके समाधान के लिए लगातार काम करना छात्र नेतृत्व की जिम्मेदारी है। ब्यूरो