अफसाना से 280 ग्राम स्मैक बरामद, कहा-बुआ के कहने पर कर रही थी यह काम
माई सिटी रिपोर्टर
नोएडा। करीब एक महीने से फरार महिला तस्कर नूरी अपनी भतीजी के जरिये मादक पदार्थों का नेटवर्क चला रही थी। फेज-1 थाना पुलिस ने नूरी की 19 वर्षीय भतीजी अफसाना उर्फ बेबी को गिरफ्तार किया है। उसके पास से 280 ग्राम स्मैक बरामद हुई है, जिसकी अनुमानित कीमत करीब 10 लाख रुपये है।
अफसाना मंगलवार को सेक्टर-8 से पकड़ी गई। पूछताछ में उसने बताया कि वह अपनी बुआ नूरी के कहने पर स्मैक बेचती थी। वह स्मैक की पुड़िया बनाकर झुग्गी-झोपड़ियों और फैक्टरी क्षेत्रों में बेच रही थी। नूरी व्हाट्सएप के जरिये उसे निर्देश देती थी। अफसाना चरस, स्मैक और गांजा जैसे मादक पदार्थों को मंगाकर मांग के अनुसार आपूर्ति करती थी। पुलिस ने आरोपी युवती से 4200 रुपये भी बरामद किए हैं। अफसाना पढ़ी लिखी नहीं है। मादक पदार्थों की खेप भी नूरी ही अपने संपर्क से पहुंचवा रही थी।
नूरी ने झुग्गी-झोपड़ियों तक फैला रखा है तस्करी का जाल
नूरी इस गिरोह की सरगना है। उसने सेक्टर-8 से लेकर फेज-1 औद्योगिक क्षेत्र और झुग्गी-झोपड़ी में तस्करी का जाल बिछाया हुआ है। जून 2026 में पुलिस की दबिश के बाद नूरी फरार हो गई थी। इसके बाद उसने अपनी भतीजी अफसाना को तस्करी में लगाया। सहायक पुलिस आयुक्त मयंक तिवारी ने बताया कि गोपनीय सूचना पर युवती को पकड़ा गया है और फरार नूरी को भी जल्द गिरफ्तार किया जाएगा।