दादरी के चिटेहरा गांव में धरने पर बैठे ग्रामीणों ने रविवार को महापंचायत बुलाई है। महापंचायत में ग्रामीणों पर लाठीचार्ज के मामले को लेकर आगे की रणनीति बनाई जाएगी।
किसान नेता सुनील फौजी ने बताया कि दादरी कोतवाली में रिपोर्ट दर्ज कराने पहुंचे ग्रामीणों पर लाठीचार्ज मामले में जांच के लिए अपर जिलाधिकारी राजेश यादव और एसपी देहात अभिषेक कुमार ने चार दिन का समय लिया था।
मामले में कार्रवाई की मांग को लेकर ग्रामीणों का हनुमान मंदिर पर अनिश्चितकालीन धरना चल रहा है। धरने पर बैठे लोगों ने आगे की रणनीति बनाने के लिए रविवार को महापंचायत बुलाई है। महापंचायत को लेकर गांवों में प्रचार भी किया जा रहा है।
लाठीचार्ज मामले में 20 तक मांगे साक्ष्य
प्राधिकरण के गेट पर 12 अप्रैल को किसानों पर लाठीचार्ज मामले की मजिस्ट्रेटी जांच के लिए 20 जुलाई तक साक्ष्य मांगे गए हैं। अपर जिलाधिकारी कुमार विनीत ने बताया कि मामले में किसानों का कहना है कि पुलिस ने धरना दे रहे किसानों पर लाठीचार्ज किया था।
इसमें चार लोगों के चोटें लगी हैं। वहीं, दूसरी ओर पुलिस का कहना है कि किसान नेताओं द्वारा शांतिभंग करने का प्रयास किया जा रहा था। कुछ लोगों ने प्राधिकरण के गेट पर तालाबंदी और राजकीय कार्य में बाधा डालने का प्रयास किया था।
ऐसी स्थिति में आंदोलनरत किसानों को रोकने के लिए हल्का बल प्रयोग कर उनके प्रयास को विफल किया गया। इस संबंध में मजिस्ट्रेटी जांच चल रही है। किसी आम व्यक्ति को घटना के संबंध में कोई जानकारी या साक्ष्य पेश करने हैं, तो वह 20 जुलाई तक दे सकता है। जिसके बाद उनको जांच में शामिल किया जाएगा।