मेवात इनेलो ने नूंह की नई अनाज मंडी में बुधवार को जिलास्तरीय सदभावना कार्यकर्त्ता बैठक की। इसमें मुख्य अतिथि के तौर पर हरियाणा विधानसभा में प्रतिपक्ष के नेता अभय सिंह चौटाला शामिल हुए जबकि कार्यक्रम की अध्यक्षता प्रदेशाध्यक्ष अशोक अरोड़ा ने की।
कार्यक्रम में उन्होंने कहा कि जाट आंदोलन में सारा करा-धरा भाजपा और आरएसएस का है। ये लोग हरियाणा प्रदेश के भाईचारे वाला माहौल बिगाड़ना चाहते हैं। इस मामले में प्रदेश की सरकार पूरी तरह नाकाम साबित हुई है।
इनेलो वर्कर गांव-गांव और लोगों के बीच जाकर आपसी भाईचारे को मजबूत करने की अपील करें। अभय ने कहा कि मुझे चंड़ीगढ़ से अभी खबर मिली है कि आज भाजपा मंत्रिमंडल के सदस्य अब खून-दान कर रहे हैं।
व्यंग्यात्मक लहजे में उन्होंने कहा कि मैं खून लेने वाले डाक्टरों से यह कहूंगा कि वे इस खून को किसी को ना चढ़ाए, वर्ना दूसरे लोग भी इनके जैसे हो जाएंगे।
इनके खून तक कहीं दबा देना चाहिए। अभय चौटाला ने साफ तौर पर कहा कि भाजपा और आरएसएस वाले प्रदेश में लोगों का खून बहाकर अब खून-दान करने का नाटक कर रहे हैं।
खास यह है कि इनेलो नेता ने अपने भाषण में आरक्षण आंदोलन को लेकर जाट समुदाय अथवा पूर्व मुयमंत्री भूपेन्द्र सिंह हुड्डा का नाम तक लेने से गुरेज किया। इस आंदोलन का जिक्र करते हुए उन्होंने प्रो. बीरेन्द्र की ऑडियो क्लीप सामने आने की बात कही।
उन्होंने कहा कि हमने सरकार को कई बार प्रदेश का माहौल बिगाड़ने की रोकने के लिए कहा मगर सरकार ने हमारी बात नहीं सुनी। एक भाजपा सांसद की ओर संकेत करते हुए अभय ने कहा कि राजकुमार सैनी नाम का आदमी बिग्रेड बनाने की बयानबाजी कर रहा था।
जाट नेता सरकार से मिल रहे थे। यह नाटक एक साल से चल रहा था। सरकार भाजपा नेताओं को आरक्षण देने के नाम पर लगातार आश्वासन दे रही थी, जबकि सुप्रीम कोर्ट अपना आदेश दे चुका था।
जाट आंदोलन में सारा करा-धरा भाजपा और आरएसएस वालों का है और अब ये लोग प्रदेश में 35 बिरादरी की बात करके बैठकें कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि यह सारे प्रदेश का माहौल खराब करने की एक साजिश चल रही है। उन्होंने प्रदेश में तुरन्त राष्ट्रपति शासन लागू किए जाने की वकालत की।
कार्यक्रम अध्यक्ष इनेलो प्रदेशाध्यक्ष अशोक अरोड़ा ने इस आंदोलन के दौरान मारे गए लोगों और जिन लोगों की संपत्ति को नुकसान हुआ, उनसे हमदर्दी जताई। उन्होंने कहा कि चौधरी देवीलाल ने हरियाणा नाम का पौधा लगाया था।
इनेलो इसको सूखने नहीं देगी। उन्होंने अपने भाषण में कहा कि भाजपा सरकार में सीपीएस सरदार बक््शीश सिंह ने पत्रकारों के सामने माना है कि सरकार की सीआईडी फेल हो गई। अरोड़ा ने कहा कि अगर ऐसा हुआ है तो सरकार क्यों चिपकी बैठी।
सरकार सभी चुनावी वायदे निभाने में फेल साबित हुई है। उन्होंने मीडिया के सामने यह मांग उठाई कि जाट आरक्षण आंदोलन में जो कोई भी नेता संलिप्त पाया जाए, उसे सरेआम चौराहे पर फांसी दे दी जाए। उन्होंने हाईकोर्ट के सिटिंग जज और न्यायिक आयोग से इस सारे मामले की निष्पक्ष जांच कराने की मांग उठाई।
उधर पत्रकारों से बातचीत करते हुए अभय चौटाला ने इस आंदोलन के बाद प्रदेश में निवेश के लिए उद्यमियों के हरियाणा नहीं आने की बात कही। उन्होंने कहा कि इन दिनों हेपनिंग भाजपा का माहौल चल रहा है।
चीन से आने वाले निवेश पर उन्होंने संकट छा जाने तथा प्रदेश में निवेश के लिए मूलभूत सुविधाओं का अभाव होने की बात कही। एक सवाल के जवाब में अभय ने कहा कि प्रो. वीरेन्द्र सिंह के खिलाफ वारंट जारी हो चुका है। अब सरकार कोर्ट जाने की बात कह रही है। उसे दो दिन का समय दिया गया है।
अभय चौटाला ने कहा कि कश्मीर में कन्हैया ने देशविरोधी नारे नहीं लगाए। वहां छात्रों में बंटवारा नहीं हुआ, सार्वजनिक संपत्ति को नुकसान नहीं पहुंचा। वहां उस पर देशद्रोह का केस दर्ज करके उसे दो घंटे में काबू कर लिया गया।
गुजरात में हार्दिक पटेल को आरक्षण मांगने पर उसके विरुद्ध देशद्रोह का केस दर्ज करके उसे गिरफ्तार कर लिया गया मगर हरियाणा में सरकार की चौ. बीरेन्द्र के विरुद्ध देशद्रोह का केस दर्ज करने के बाद नीयत साफ नहीं। उसे दो दिन का समय दिया गया। वह व्यक्ति इस समय का दुरुपयोग कर सकता है।
उन्होंने कहा कि उसे तत्काल गिरफ्तार किया जाना चाहिए। इस कार्यक्रम नूंह विधायक जाकिर हुसैन, फिरोजपुर झिरका विधायक नसीम अहमद, पूर्व मंत्री मोहम्मद इलियास, मेवात इनेलो अध्यक्ष बदरूद्दीन खान, पूर्व जिलाध्यक्ष हाजी सुबराती खान, हरीश मलिक, गणेश दास अरोड़ा, महिला जिलाध्यक्ष सरोजबाला, शहनाज बानो, पूर्व सरपंच नासिर हुसैन, जाहुल ठेकेदार आकेड़ा, जान मोहम्मद, रणजीत नंबरदार इंडरी समेत सैंकड़ों लोग मौजूद रहे।