लड़की के निशानदेही पर पुलिस ने जुटाए सबूत
पीड़िता 17 साल की लड़की की निशानदेही पर एफएसएल और जिला मोबाइल क्राइम टीम ने मौके से कई साक्ष्य जुटाए हैं। इन साक्ष्यों की डीएनए जांच अब आरोपियों की पहचान और वारदात से उनके संबंध की कड़ी जोड़ने में अहम हो सकती है।
बेंच पर बैठकर खा रही थी चिप्स
पीड़िता ने बताया कि वह 21 सितंबर की रात करीब 7:30 बजे शंभू दयाल बाग के पास आस्था कुंज पार्क के गेट नंबर-आठ के पास पहुंची। उसे इस्कान मंदिर में दर्शन के लिए जाना था। गेट के पास ही एक बेंच पर वह अपने दोस्त के साथ बैठकर चिप्स खा रही थी कि तभी तीन आरोपी आए और उसके दोस्त को थप्पड़ जड़ दिया।
आरोपियों ने फोन छीना, खुद को बताया पुलिस वाले
आरोपियों ने दोनों के फोन छीन लिए और स्वयं को पुलिसकर्मी बताते हुए पूछताछ शुरू कर दी। उसने विरोध किया और मम्मी से बात कराने की बात कही। पीड़िता ने बताया कि एक आरोपी ने चाकू दिखाकर तो दूसरे ने कमर में पिस्तौल लगाकर डराया।