नोएडा के चर्चित आरुषि-हेमराज हत्याकांड में तलवार दंपति की मुश्किलें बढ़ सकती हैं। दरअसल सोमवार को सुप्रीम कोर्ट ने हेमराज की पत्नी की याचिका मंजूर कर ली है। इस याचिका में तलवार दंपति की रिहाई के खिलाफ और हाईकोर्ट के फैसले पर विचार की याचिका दायर की गई थी।
कोर्ट ने हेमराज की पत्नी की याचिका मंजूर करते हुए कहा है कि सुप्रीम कोर्ट इलाहाबाद हाईकोर्ट के फैसले की छानबीन करेगा। दरअसल याचिका में कहा गया है कि इलाहाबाद हाईकोर्ट ने ये तो माना है कि हेमराज और आरुषि की हत्याएं तो हुईं लेकिन किसी को दोषी नहीं माना और तलवार दंपति को रिहा कर दिया।
ऐसे में हेमराज की पत्नी इस फैसले से नाखुश थीं और उन्होंने सुप्रीम कोर्ट में हाईकोर्ट के फैसले के खिलाफ याचिका दायर की थी। सुप्रीम कोर्ट ने आज इस याचिका को मंजूर कर लिया है।
मालूम हो कि निचली अदालत ने इस मामले में राजेश तलवार और नूपुर तलवार को दोषी मानते हुए उम्रकैद की सजा सुनाई थी। लेकिन हाइकोर्ट ने इस फैसले को पलट दिया था।