राम भक्तों से हस्ताक्षर कराकर प्रधानमंत्री को भेजा जाएगा पत्र, दोषियों को कड़ी सजा दिलाने की होगी प्रार्थना
अमर उजाला ब्यूरो
नई दिल्ली। दिल्ली में आम आदमी पार्टी (आप) मंगलवार से राजधानी के सभी 250 वार्डों में एक साथ हनुमान चालीसा पाठ, राम आरती और हनुमान आरती का आयोजन करेगी। हर वार्ड में आयोजित होने वाले कार्यक्रम में स्थानीय विधायक, पार्षद और पार्टी कार्यकर्ता शामिल होंगे। धार्मिक अनुष्ठान के बाद लोगों के साथ राम मंदिर चढ़ावा चोरी और श्रद्धालुओं के चढ़ावे की सुरक्षा के मुद्दे पर चर्चा की जाएगी।
दिल्ली प्रदेश अध्यक्ष सौरभ भारद्वाज ने सोमवार को बताया कि अभियान का उद्देश्य राम मंदिर के चढ़ावे की चोरी के दोषियों को कड़ी सजा दिलाने की प्रार्थना करना और इस मुद्दे पर प्रधानमंत्री को पत्र भेजने के लिए हस्ताक्षर अभियान चलाना है। उन्होंने कहा कि इस दौरान राम भक्तों से प्रधानमंत्री के नाम भेजे जाने वाले पत्र पर हस्ताक्षर भी कराए जाएंगे। भारद्वाज ने कहा कि सभी लोग मिलकर भगवान राम के मंदिर में कथित चोरी के दोषियों को कड़ी से कड़ी सजा दिलाने की प्रार्थना करेंगे।
देशव्यापी अभियान का हिस्सा
आप के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल ने रविवार को रोहिणी सेक्टर-10 के जापानी पार्क से सुंदरकांड पाठ और राम-हनुमान की आरती के साथ इस देशव्यापी हस्ताक्षर अभियान की शुरुआत की थी। पार्टी का कहना है कि विभिन्न राज्यों में भी इसी तरह के कार्यक्रम आयोजित कर लोगों को इस अभियान से जोड़ा जाएगा।