कौन है महेश कुमार?
महेश कुमार करोल बाग विधानसभा क्षेत्र के देव नगर के वार्ड 84 से पार्षद हैं। महेश ने डीयू के मोतीलाल नेहरू कॉलेज से बीकॉम की पढ़ाई की है। दिल्ली के नए मेयर चुने जाने पर महेश कुमार खींची ने कहा, "बहुत खुशी का दिन है। सबसे पहले मैं हमारे पूर्व मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल का दिल से धन्यवाद करता हूं। जिन्होंने छोटे से कार्यकर्ता को इतने बड़े पद पर बैठाया।" हम दिल्ली की भलाई के लिए काम करेंगे।
दिल्ली को हर साल मिलता है एक नया मेयर
एमसीडी नियमों के अनुसार, दिल्ली में हर साल महापौर के चुनाव होते हैं। यह चुनाव अप्रैल में होते हैं। पहला कार्यकाल महिलाओं के लिए, दूसरा ओपन कैटेगरी के लिए, तीसरा आरक्षित श्रेणी के लिए और आखिरी दो कार्यकाल फिर से ओपन कैटेगरी के लिए निर्धारित हैं।
आप को था क्रॉस वोटिंग का डर
आप को क्रॉस वोटिंग होने का डर सता रहा था। उसकी राज्यसभा सांसद स्वाति मालीवाल उससे नाराज चल रही हैं। वह पिछले कई माह से अपनी पार्टी की दिल्ली और एमसीडी सरकार को घेरने में लगी हैं। लिहाजा उनके चुनाव में आप उम्मीदवारों को मत देने की संभावना नहीं दिख रही थी, लेकिन उन्होंने मतदान ही नहीं किया। वहीं वार्ड समितियों के चुनाव में आप को तीन जोनों में क्रॉस वोटिंग का सामना करना पड़ा था। उसके कुछ पार्षदों ने पार्टी उम्मीदवारों के बजाए भाजपा उम्मीदवारों के पक्ष में मतदान कर दिया था। साउथ जोन में उसके उम्मीदवार हारते-हारते बचे थे।
आप सासंद स्वाति मालीवाल और सात कांग्रेस पार्षदों ने नहीं डाला वोट
आम आदमी पार्टी की सांसद स्वाति मालीवाल और कांग्रेस के सात पार्षदों ने मतदान में हिस्सा नहीं लिया। जबकि कांग्रेस की पार्षद सबीला बेगम ने पार्टी से इस्तीफा देते हुए आप को समर्थन देने का एलान किया। इस्तीफा पत्र में लिखा है कि मेयर चुनाव से दूर रहकर हम भाजपा का समर्थन नहीं कर सकते हैं।