नामांकन का पहला दौर निकल जाने के बाद अब आम आदमी पार्टी मतदाताओं से संपर्क के लिए निकलेगी। हालांकि पार्टी बड़ी रैली नहीं करेगी, लेकिन इसकी जगह आज से आप संयोजक अरविंद केजरीवाल रोड शो पर निकलेंगे। इसके जरिए दिल्ली की 62 विधानसभा सीटों तक अपनी बात पहुंचाएंगे। अन्य सीटों पर 8 टाउन हॉल बैठकों के जरिए केजरीवाल मतदाताओं से संपर्क साधेंगे। पहला रोड शो सुबह 9 बजे बुराड़ी से और दूसरा शाम चार बजे कृष्णा नगर और शाहदरा में करेंगे।
दरअसल दिल्ली चुनाव में आप के लिए स्टार प्रचारक के तौर पर अरविंद केजरीवाल ही इकलौता व भीड़ जुटाऊ चेहरा है। लिहाजा प्रचार की पूरी मुहिम केजरीवाल के इर्द-गिर्द तैयार की गई है। पार्टी की कोशिश है कि केजरीवाल चुनाव से पहले कम से कम एक बार दिल्ली की हर विधान सभा सीट तक पहुंच जाएं। इस रणनीति में बड़ी रैली फिट नहीं बैठ रही थी। इसकी जगह रोड शो को कारगर माना गया। वहीं, टाउन हॉल सभाओं से निकली बातें पूरी दिल्ली तक पहुंचेगी।
केजरीवाल सुबह और शाम को रोड शो करेंगे। जबकि दोपहर में टाउन हॉल बैठक होगी। पहला रोड शो बुधवार सुबह 9 बजे बुराड़ी से शुरू होगा, जो बादली होते हुए आदर्श नगर में खत्म होगा। वहीं, शाम चार बजे कृष्णा नगर और शाहदरा में रोड शो करेंगे। दूसरी तरफ बृहस्पतिवार से केजरीवाल की टाउन हॉल सभाएं शुरू हो रही हैं। आगे इसी तरह चुनावी मुहिम चलती रहेगी।
प्रदेश संयोजक गोपाल राय ने बताया कि नामांकन प्रक्रिया खत्म होने के बाद अब पार्टी अंतिम दौर का प्रचार अभियान शुरू कर रही है। यह चुनाव से पहले तक चलता रहेगा। इस दौरान रोड शो व छोटी-छोटी सभाओं से केजरीवाल आम लोगों से रूबरू होंगे।