आम आदमी पार्टी कार्यकर्ताओं ने गुरूग्राम में आयोजित होनी वाली स्वर्ण जयंती कार्यक्रम में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को गाय भेंट करने की योजना बनाई है।
प्रदेश भर में सड़कों पर लावारिस पशुओं और गोवंश को लेकर सरकार द्वारा कोई व्यवस्था न किये जाने को लेकर पार्टी ने ये फैसला लिया है। यह जानकारी पार्टी के लोकसभा क्षेत्र के अध्यक्ष रणवीर सिंह चंदीला ने दी।
उन्होंने कहा कि आगामी 1 नवबर को गुरूग्राम में आयोजित होने वाली रैली में प्रदेश अध्यक्ष नवीन जयहिंद के नेतृत्व में कार्यकर्ता प्रधानमंत्री मोदी को गाय दान करेंगे। उन्होंने कहा कि दरअसल कार्यकर्ता प्रदेश में गो माता की हो रही दुर्दशा से प्रधानमंत्री को अवगत करना चाहते हैं कि गोवंश को लेकर सरकार ने प्रदेश की जनता को गुमराह किया है। इसीलिए मजबूर होकर पार्टी ने यह निर्णय लिया है।
जिलाअध्यक्ष मंजू गुप्ता ने आरोप लगाते हुए कहा कि प्रदेश में खट्टर सरकार हर मोर्चे पर विफल रही है। दो साल पूरे होने के बाद भी कोई वादा पूरा नहीं हुआ है। आगामी 1 नवम्बर को फरीदाबाद से पार्टी कार्यकर्ता गुरूग्राम पहुंचेंगे।