-विधायक विशेष रवि के नेतृत्व में सीपीडब्ल्यूडी मुख्यालय पर ज्ञापन, बोले-50 लाख की आबादी के लिए कोई सुविधा नहीं
अमर उजाला ब्यूरो
नई दिल्ली। करोल बाग इलाके में वर्षों से खाली पड़ी सीपीडब्ल्यूडी की हजारों वर्ग मीटर जमीन को जनसुविधाओं के लिए इस्तेमाल करने की मांग को लेकर आम आदमी पार्टी ने सोमवार को सीपीडब्ल्यूडी मुख्यालय के बाहर प्रदर्शन किया। करोल बाग विधायक विशेष रवि के नेतृत्व में प्रदर्शन के बाद पार्टी प्रतिनिधिमंडल ने विभाग के महानिदेशक को ज्ञापन सौंपा।
विशेष रवि ने कहा कि बापा नगर, देव नगर, रेगरपुरा और बीडनपुरा समेत करोल बाग क्षेत्र की करीब 50 लाख की आबादी के लिए पर्याप्त पार्क, स्कूल, अस्पताल और पार्किंग सुविधाएं नहीं हैं। वहीं, सीपीडब्ल्यूडी की जमीन 2014-15 से खाली पड़ी है। क्वार्टर खाली होने के बाद इमारतें जर्जर हो चुकी हैं और वहां कूड़ा-मलबा जमा होने के साथ असामाजिक तत्वों की गतिविधियां भी बढ़ी हैं।
निगम पार्षद महेश खींची ने कहा कि देव नगर के क्वार्टर 12-13 साल से खाली हैं। आप ने जर्जर इमारतें हटाकर जमीन समतल करने और पार्क, स्कूल व अस्पताल विकसित करने की मांग की। मांग पूरी नहीं होने पर जन आंदोलन और अनशन की चेतावनी दी गई।