नेता प्रतिपक्ष आतिशी ने हमले को सुनियोजित और डराने-धमकाने की कोशिश बताया
अमर उजाला ब्यूरो
नई दिल्ली। विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष आतिशी ने कोंडली विधायक कुलदीप कुमार की कार पर हमले को लेकर दिल्ली पुलिस की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल उठाए हैं। उन्होंने पुलिस आयुक्त को पत्र लिखकर तुरंत मिलने का समय मांगा है और सुरक्षा व्यवस्था पर जवाबदेही तय करने की मांग की है।
आतिशी के मुताबिक, 23 मार्च की शाम मधु विहार थाना क्षेत्र में हसनपुर डिपो के पास विधायक की कार की खिड़की को जानबूझकर तोड़ा गया। उन्होंने इसे सुनियोजित और डराने-धमकाने की कोशिश बताया। उन्होंने कहा कि वारदात के समय मौके पर पीसीआर वैन मौजूद थी और आसपास सीसीटीवी कैमरे भी लगे थे, इसके बावजूद अपराधियों पर अब तक कोई ठोस कार्रवाई सामने आई है।
दूसरी ओर, प्रदेश अध्यक्ष सौरभ भारद्वाज ने आरोप लगाया कि इस मामले में पुलिस की भी भूमिका है, क्योंकि सीसीटीवी फुटेज देने से इन्कार किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि अपराधियों के खिलाफ कार्रवाई न होना चिंताजनक है। उन्होंने आरोप लगाया कि दिल्ली को गुजरात मॉडल की ओर ले जाया जा रहा है।