पंजाब में अपने चुनावी अभियान को धार दे रही आम आदमी पार्टी (आप) के भीतर की कलह सतह पर आ गई है। आप के पंजाब संयोजक सुच्चा सिंह छोटेपुर के बगावती तेवर पर पार्टी की राजनीतिक मामलों की समिति में शुक्रवार को उन्हें पंजाब संयोजक पद से हटा दिया गया। हालांकि वह पार्टी में बने रहेंगे।
पार्टी सूत्र बताते हैं कि टिकट दिलाने के नाम पर पैसा मांगने वाले छोटेपुर के कथित स्टिंग से आला नेताओं में काफी नाराजगी है। पार्टी को इससे अपने भ्रष्टाचार विरोधी प्रचार अभियान को ठेस पहुंचती दिख रही है।
पंजाब इकाई के कई नेताओं ने मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल को चिट्ठी लिखकर छोटेपुर को पार्टी से निकालने की भी मांग की है। पंजाब में पार्टी के भीतर चल रहे घमासान से केजरीवाल भी खासे नाराज बताए जा रहे हैं।