खूंटा गाड़ अभियान के बाद आम आदमी पार्टी की गुड़गांव इकाई हरियाणा बेहाल, बीजेपी पोल खोलो अभियान की शुरूआत करने जा रही है। यह बात प्रदेश के मुख्य प्रवक्ता आरएस राठी ने प्रेसवार्ता के दौरान कही।
सेक्टर 15 स्थित एक होटल में आम आदमी पार्टी के नेताओं ने प्रदेश सरकार पर प्रहार करते हुए कहा कि पिछले दो साल के कार्यकाल में भाजपा सरकार हर मोर्चे पर विफल रही है।
प्रदेश के मुख्य प्रवक्ता आरएस राठी ने कहा कि 1 नवंबर को गुड़गांव में प्रधानमंत्री आगमन पर प्रदेश के ज्वलंत मुद्दों को लेकर पार्टी प्रदेशाध्यक्ष नवीन जयहिंद की अगुवाई में पैदल मार्च निकाला जाएगा और प्रधानमंत्री को गाय और मुख्यमंत्री को धान दान कर इनकी हालत सुधारने की मांग की जाएगी। इस दौरान शहीदों को मुआवजे के तौर पर 1 करोड़ रुपये सहायता राशि दिए जाने का मुद्दा भी उठाया जाएगा।
राठी ने बेरोजगारी के मुद्दे पर सरकार को घेरते हुए कहा कि प्रदेश में 8,91,521 पढे़- लिखे बेरोजगार कतार में हैं, जिसमें करीब 8 लाख युवा पोस्ट ग्रेजुएट हैं और 1 लाख से अधिक इंजीनियर, डिप्लोमा, आईटीआई प्रशिक्षण आदि लेकर खाली बैठे हैं। विभिन्न विभागों में डेढ़ लाख पद खाली पड़े हैं।
एडवोकेट अशोक वर्मा, डॉ. शालिनी यादव, जेएस कादयान ने कहा कि जरूरत के हिसाब से 76 प्रतिशत डॉक्टरों और 53 प्रतिशत नर्सों की कमी है। इसके साथ ही प्रयोगशालाओं में तकनीकी विशेषज्ञों के 80 प्रतिशत और एक्सरे कर्मियों की 85 प्रतिशत पद खाली पड़े हैं। दिल्ली में जहां स्वास्थ्य एवं शिक्षा के बजट को बढ़ाया वहीं हरियाणा में यह घटा है।
इस मौके पर पार्टी के मुख्य प्रवक्ता आरएस राठी, स्टेट आब्जर्वर डॉ पंकज बेनीवाल, सेवानिवृत मेजर जनरल रनवीर सिंह यादव, गुड़गांव इकाई के मुख्य सदस्य जेएस कादयान, एडवोकेट अशोक वर्मा, डॉ शालिनी, पवन पंघाल, भूपेन्द्र शर्मा, डॉ मनीष, धीरेंद्र डागर, संदीप समेत पार्टी के मुख्य नेता मौजूद थे।