आम आदमी पार्टी अंदरूनी कलह और विरोधी दलों के आरोपों के बीच रविवार को रामलीला मैदान में अपने गठन की पांचवीं वर्षगांठ मनाएगी। पार्टी ने अपनी स्थापना दिवस पर होने वाले राष्ट्रीय सम्मेलन को ‘क्रांति के पांच साल’ नाम दिया है।
कार्यक्रम को सफल बनाने के लिए पार्टी के सभी विधायक अपने-अपने क्षेत्रों में पोस्टर लगाकर व सोशल मीडिया से लोगों को रामलीला मैदान पहुंचने के लिए अपील कर रहे है। पार्टी के बड़े नेता भी कार्यक्रम में शिरकत करने के लिए कार्यकर्ताओं व आम आदमी से आग्रह कर रहे हैं।
पार्टी ने रामलीला मैदान में हो रहे राष्ट्रीय सम्मेलन में 22 राज्यों के अपने प्रतिनिधियों को आमंत्रित किया है। दोपहर एक बजे शुरू हो रहे सम्मेलन में करीब 10 हजार प्रतिनिधि शिरकत करेंगे। इस दौरान सभी राज्यों के एक-एक प्रतिनिधि को बोलने का अवसर दिया जाएगा।
वह सम्मेलन की शुरुआत में अपनी बात रखेंगे। इसके बाद बड़े नेताओं का संबोधन होगा। वे पार्टी के पांच साल के कामकाज पर प्रकाश डालेंगे। इसके अलावा वे दिल्ली सरकार की उपलब्धियों को बताएंगे। इस मौके पर पार्टी का विस्तार कार्यक्रम, चुनाव लड़ने का फैसला, चंदा नीति के बारे में भी बात की जाएगी।
भ्रांति के पांच साल : विजेंद्र
vijendra gupta
सम्मेलन में अरविंद केजरीवाल, संजय सिंह, मनीष सिसोदिया, पंकज गुप्ता, कुमार विश्वास, भगवंत मान, गोपाल राय आदि प्रतिनिधियों को संदेश देंगे। केजरीवाल अंत में अपनी बात रखेंगे। हालांकि कुमार विश्वास के सम्मेलन में शामिल होने की स्थिति साफ नहीं थी।
आप नेता गोपाल राय और पंकज गुप्ता ने बताया कि कुमार विश्वास सम्मेलन में आएंगे और वह तीन बजे संबोधित करेंगे। बाद में कुमार विश्वास ने भी ट्वीट कर जानकारी दी कि वे सम्मेलन में जा रहे है और संबोधित करेंगे।
उधर, आप के बागी विधायक कपिल मिश्रा ने कुमार विश्वास से आग्रह किया है कि वह रामलीला मैदान में अवश्य जाए और मंच से खुलकर अपनी बात रखें क्योंकि यह बंद कमरे में होने वाली एनसी नहीं है।
दिल्ली विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष विजेंद्र गुप्ता ने आम आदमी पार्टी के गठन के पांच वर्ष पूरे होने पर रविवार को रामलीला मैदान में होने वाले अधिवेशन के थीम पर निशाना साधा है। उन्होंने कहा कि आम आदमी पार्टी की क्रांति के नहीं, बल्कि भ्रांति के पांच साल हैं।
उसके थीम में क्रांति के स्थान पर भ्रांति लिखा जाना चाहिए। इन पांच वर्षों में पार्टी भ्रष्टाचार मिटाने विफल रही और उसके नेता, मंत्री, विधायक खुद भ्रष्टाचार के ज्वलंत उदाहरण हैं। पार्टी ने भ्रष्टाचार मिटाने और एक बड़ी राजनीति की शुरुआत का नारा देकर लोगों का विश्वास प्राप्त किया था।
बहस का स्तर गिराया : मनोज
man
दिल्ली प्रदेश भाजपा अध्यक्ष मनोज तिवारी ने कहा है कि पांच वर्ष दिल्ली की राजनीति व जनता के लिए निराशाजनक रहे हैं। एक वैकल्पिक राजनीतिक प्रयोग के रूप में सामने आई आम आदमी पार्टी ने राजनीतिक बहस का स्तर गिराया है। इसके अलावा उसकी राजनीति ने जनता के बीच परिवर्तन की राजनीति की विश्वसनीयता भी समाप्त कर दी।
चार आदमी की पार्टी : कपिल
आम आदमी पार्टी से निलंबित व पूर्व मंत्री कपिल मिश्रा ने आप के पांच साल पूरे होने पर कटाक्ष किया है। उन्होंने कहा कि आज हम पांच साल बाद कहां खड़े है, ये कहां हम आ गए। आम आदमी पार्टी से लेकर चार आदमी पार्टी तक आ गए।
संतोष कोली से चले थे, अमानतुल्ला खान पर आ गए, चिदंबरम भ्रष्टाचारी है से लेकर चिदंबरम मेरा वकील है तक, नेता नहीं नौकर से लेकर हम दिल्ली के मालिक हैं तक, कार्यकर्ताओं की सरकार बनाएंगे से लेकर सगी बेटी को नौकरी देने तक, आम आदमी सब कुछ कर सकता है से लेकर हमारे हाथ में कुछ नहीं, हमें कोई काम नहीं करने देता तक आ गए।