मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल व उपमुख्यमंत्री मनीष सिसोदिया व आम आदमी पार्टी (आप) विधायकों के खिलाफ चार्जशीट दाखिल करने की खबरों के बीच पार्टी ने एक बार फिर मुख्य सचिव के साथ मारपीट के मामले का झूठा करार दिया है। पार्टी का आरोप है कि यह दिल्ली सरकार को बदमान करने की साजिश का हिस्सा है। आप के मुताबिक, दिल्लीवाले इस साजिश का समझ गये हैं। अगले चुनाव में वह इसका जवाब भी देंगे।
पार्टी प्रवक्ता सौरभ भारद्वाज ने सिलसिलेवार ढंग से घटना का ब्योरा देते हुए कहा है कि मुख्य सचिव अंशु प्रकाश के साथ कोई मारपीट नहीं हुई है। वहीं, आरोप लगाया कि भाजपा के नजदीकी इस आईएएस अधिकारी के जरिये केंद्र सरकार ने आप को बदनाम करने का षडयंत्र है। अब जब विपक्षी दलों के दबाव के बाद आईएएस अधिकारियों की हड़ताल का खत्म कराया गया, तो चार्जशीट दाखिल कराने का नया षडयंत्र रचा जा रहा है। दिलचस्प यह कि जो चार वरिष्ठ अधिकारी मुख्यमंत्री के खिलाफ आंदोलन कर रहे हैं, उन्हें इसका गवाह बनाया गया है।