दिल्ली की पूर्व मुख्यमंत्री शीला दीक्षित के अहम प्रोजेक्ट कनॉट प्लेस री डेवलपमेंट प्लान की अधिकारिक शुरुआत शहरी विकास मंत्री मनीष सिसोदिया ने की। सोमवार शाम आयोजित कार्यक्रम के इस मौके पर गायक कैलाश खेर ने अपने गीत पेश किए।
मौके पर मनीष सिसोदिया ने कहा कि प्रोजेक्ट को पूरा करने में बेशक देरी हुई है, लेकिन सीपी के विकास का काम दुरुस्त है। इससे आम लोगों समेत दुकानदारों को काफी सहूलियत होगी।
सीपी के नवीकरण की योजना पूर्व मुख्यमंत्री शीला दीक्षित का अहम प्रोजेक्ट था। पहले इसके पूरा करने का समय जुलाई, फिर सितंबर तक बढ़ा दिया गया था। लेकिन चुनावों को घोषणा होने से इसका शुरुआत नहीं हो सकी।
नई सरकार ने सोमवार को औपचारिक तौर पर हरी झंडी दिखा दी। दूसरी तरफ एनडीएमसी अपने 100 साल पूरे होने का जश्न मना रहा है और इसी जश्न के बीच इसकी ओपनिंग भी कर दी गई।
एनडीएमसी के एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि सिंधिया हाउस और मिडिल सर्किल के नवीकरण का काम सीपी प्रोजेक्ट में शामिल ही नहीं किया गया था। इसके अलावा कुछ दूसरे काम भी बाकी है। इसका एस्टीमेट तैयार किया जा रहा है। जल्द ही काम की शुरुआत होगी।