डेनमार्क के कोपेनहेगन में होने जा रहे सी-80 जलवायु सम्मेलन में शामिल होने के लिए दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल को विदेश मंत्रालय से अनुमति न मिलने पर आम आदमी पार्टी नेता संजय सिंह ने नाराजगी जताई है। संजय सिंह ने मंगलवार को केंद्र सरकार पर शत्रुता की भावना के साथ काम करने का आरोप लगाते हुए कहा कि यह दुर्भाग्यपूर्ण और मेरी समझ के परे है कि मोदी सरकार हमारे साथ इस तरह से काम क्यों कर रही है।
उन्होंने गुस्से में कहा कि मुख्यमंत्री केजरीवाल छुट्टियां मनाने नहीं जा रहे थे। वो सम्मेलन में दुनिया के सामने प्रदूषण के खिलाफ लड़ रहे भारत की एक बेहतर तस्वीर रखने वाले थे। संजय सिंह ने कहा कि केजरीवाल एशिया के 100 शहरों के मेयरों के साथ मिलकर प्रदूषण की लड़ाई में भारत के योगदान पर चर्चा करने वाले थे।
उन्होंने कहा कि हमने एक महीने पहले ही मंत्रालय से अनुमति मांगी थी। इसके बावजूद उनकी ओर से मुख्यमंत्री की यात्रा को लेकर स्वीकृति क्यों नहीं मिली।