नीति आयोग की रिपोर्ट के सहारे आप ने दिल्ली सरकार की पीठ थपथपाई है। पार्टी का कहना है कि सुशासन के दिल्ली मॉडल की देश-दुनिया में पहचान बन रही है। आम लोगों को अलग-अलग सहूलियतें देने के बाद भी दिल्ली की जीडीपी में 2,400-3,800 करोड़ रुपये की बढ़ोतरी हुई है।
मीडिया से बातचीत में पार्टी प्रवक्ता अजॉय कुमार ने कहा कि केंद्र सरकार के आधीन आने वाले नीति आयोग की रिपोर्ट से पता चलता है कि शासन का दिल्ली मॉडल पूरे देश में बेहतर है। प्रगतिशील राज्यों की सूची में भी दिल्ली सबसे बेहतर है। सरकार ने चुनावी वादा पूरा करते हुए बिजली का बिल हाफ और पानी माफ कर दिया।
वहीं, शिक्षा व स्वास्थ्य के क्षेत्र में बुनियादी बदलाव किए गए। आज शिक्षा व स्वास्थ्य मॉडल को दुनिया में पहचान मिली है। इसके अलावा, दूसरे क्षेत्रों में काम करके दिल्लीवालों की जिंदगी बेहतर की है। इससे लोग खुश भी हैं। अजॉय कुमार ने कहा कि दिल्ली सरकार के कामों से भाजपा परेशान है। वह लोगों को मिल रही सुविधाओं पर सवाल उठा रहे हैं।
मसलन, भाजपा सांसद विजय गोयल को आपत्ति मुफ्त बिजली योजना पर है। बतौर सांसद उनको खुद हर साल 50 हजार यूनिट बिजली मिलती है। उन्होंने कहा कि आज दिल्ली के करीब 14 लाख परिवारों का बिजली का बिल शून्य आया है, लेकिन भाजपा को इसमें विकास नजर नहीं आता। दिल्ली के लोग आप सरकार के मॉडल को समझने के साथ महसूस भी कर रहे हैं। विधानसभा चुनाव में इसका असर भी दिखेगा।