कहा- सरकार-छात्र वार्ता से केजरीवाल की राजनीतिक उम्मीदों को लगा झटका
अमर उजाला ब्यूरो
नई दिल्ली। नई दिल्ली। प्रदेश भाजपा अध्यक्ष हर्ष मल्होत्रा ने आम आदमी पार्टी पर निशाना साधा है। उन्होंने आप पर छात्र आंदोलन का राजनीतिक लाभ के लिए उपयोग करने का आरोप लगाया। मल्होत्रा ने कहा कि सरकार और छात्रों के बीच बातचीत शुरू होने से आप नेता बौखला गए हैं।
सामाजिक कार्यकर्ता सोनम वांगचुक का अनशन समाप्त होने के बाद यह बौखलाहट सामने आई है। मल्होत्रा के अनुसार, आप नेताओं को उम्मीद थी कि आंदोलन लंबा चलेगा। इससे अरविंद केजरीवाल दिल्ली और पंजाब में अपना राजनीतिक आधार मजबूत कर सकेंगे। लेकिन पिछले 24 घंटों में स्थिति तेजी से बदली है। सोनम वांगचुक का अनशन खत्म हुआ और भारत सरकार से वार्ता शुरू हुई। इससे आंदोलन के समाधान की संभावना बढ़ी है। आप नेता अब छात्रों को भड़काने के लिए बयानबाजी कर रहे हैं।
केंद्र सरकार की गंभीरता और आप का दोहरा रवैया
मल्होत्रा ने आरोप लगाया कि अरविंद केजरीवाल, संजय सिंह, सौरभ भारद्वाज और गोपाल राय तर्कहीन बयान दे रहे हैं। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व वाली केंद्र सरकार छात्रों की समस्याओं पर गंभीर है। प्रश्नपत्र लीक मामलों में सख्त कार्रवाई और त्वरित न्यायालय में सुनवाई के लिए कानून बनाया जा रहा है। मल्होत्रा ने केजरीवाल पर पंजाब में फार्मासिस्ट परीक्षा प्रश्नपत्र लीक पर चुप्पी साधने का आरोप लगाया। उन्होंने इसे आम आदमी पार्टी का दोहरा रवैया बताया।