भारद्वाज ने मछलियों की मौत के पीछे औद्योगिक प्रदूषण या रसायन के छिड़काव की आशंका जताई
अमर उजाला ब्यूरो
नई दिल्ली। यमुना में हजारों मरी मछलियां डालने के आरोप पर आम आदमी पार्टी ने दिल्ली सरकार पर पलटवार किया है। आप प्रदेश अध्यक्ष सौरभ भारद्वाज ने शुक्रवार को दावा किया कि इस मामले में सोनिया विहार थाने में शिकायत देने वाले सिंचाई एवं बाढ़ नियंत्रण विभाग के अधिकारी ने किसी को मछलियां डालते हुए नहीं देखा था। अधिकारी ने यह भी कहा कि उसे ऊपर से शिकायत दर्ज कराने का निर्देश मिला था।
आप मुख्यालय में प्रेसवार्ता के दौरान भारद्वाज ने विधायक संजीव झा और कुलदीप कुमार के साथ अधिकारी से हुई बातचीत का वीडियो दिखाया। उन्होंने मंत्री प्रवेश वर्मा से उस अधिकारी को सामने लाने की मांग की, जिसने आप नेताओं को मरी मछलियां यमुना में डालते देखने का दावा किया था।
भारद्वाज ने मछलियों की मौत के पीछे औद्योगिक प्रदूषण या रसायन के छिड़काव की आशंका जताई। उन्होंने कहा कि यमुना के पानी में अमोनिया बढ़ने से जल शोधन संयंत्र भी बंद करने पड़े थे। सरकार पानी के नमूनों की जांच कराकर रिपोर्ट सार्वजनिक करे। विधायक कुलदीप कुमार ने भी आरोप लगाया कि यमुना की बदबू दूर करने के लिए रसायन का छिड़काव किया गया, जिससे मछलियां मरीं। आप नेताओं ने पूरे मामले की जांच की मांग की।