घटिया साइकिल पर स्टीकर लगाकर दी जा रही
अमर उजाला ब्यूरो
नई दिल्ली। आम आदमी पार्टी ने बुधवार को दिल्ली के कई वार्ड के गर्ल्स स्कूल के बाहर साइकिल खरीद में घोटाले का आरोप लगाकर पर्चे बांटे। इस दौरान आप की ओर से शिक्षा मंत्री आशीष सूद के इस्तीफे की मांग की। प्रदेश अध्यक्ष सौरभ भारद्वाज ने स्वामी नगर गर्ल्स सरकारी स्कूल में छात्राओं के साथ केक काटकर मंत्री का जन्मदिन मनाया। इस दौरान मुखौटा पहने कार्यकर्ता ने केक काटा।
सौरभ ने कहा कि मंत्री ने साइकिल घोटाले पर चर्चा के लिए नहीं बुलाया, न जन्मदिन पर बुलाया, इसलिए बच्चों के बीच ही बधाई दे दी। स्कूल की छुट्टी के समय छात्राओं और अभिभावकों को पर्चे देकर बताया गया कि बाजार में 4000 रुपये वाली साइकिल सरकार 7000 रुपये में खरीद रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि एक साइकिल पर 3000 रुपये कमीशन खाया गया। 1.30 लाख साइकिल में 40 करोड़ का घोटाला है।
उन्होंने आरोप लगाया कि पर्चे में दोनों साइकिलों की फोटो है ताकि बच्चियां तुलना कर सकें। टेंडर महंगे मॉडल हीरो स्काईलर का था, लेकिन ठेकेदार उसी दाम पर घटिया साइकिल पर स्काईलर का स्टीकर लगाकर दे रहा है। सौरभ ने आरोप लगाया कि प्रशासन शिक्षकों पर दबाव बनाकर बच्चों को बाहर नहीं निकलने दे रहा, दरवाजे बंद करा दिए ताकि घोटाले की सच्चाई जनता तक न पहुंचे।