सीलिंग को लेकर नई दिल्ली से आम आदमी पार्टी के प्रत्याशी बृजेश गोयल के बयान को गलत बताते हुए रविवार को भाजपा प्रत्याशी मीनाक्षी लेखी ने कहना है कि सीलिंग को शुरू करने का निर्णय सबसे पहले साल 2008 में आया, लेकिन ऐसा क्या कारण था कि मॉनीटरिंग समिति द्वारा यह सीलिंग 2018 में चुनाव से ठीक एक साल पहले शुरू हुई?
भाजपा सरकार ने दिल्ली के मास्टर प्लान में संशोधन किया और लाल डोरा क्षेत्र के लोगों को गोदाम बनाने की अनुमति दी। इसके अलावा फ्लोरिंग एरिया रेशियो (एफएआर) का 350 प्रतिशत का लोकल शॉपिंग कॉम्प्लेक्स के लिए दिया। इतना ही नहीं, संशोधन के बाद कॉमर्शियल गतिविधियों के लिए इन एलएससी का 100 प्रतिशत उपयोग किया। इस योजना के चलते हजारों निवासियों को रोजगार के अवसर प्राप्त हुए। इसी के साथ ही संशोधन में गैर प्रदूषणकारी ट्रेडों के लिए 11 किलोवॉट और 9 मजदूरों के उपयोग की अनुमति भी दी गई थी, जिससे कि स्थानीय निवासी अपने घरों के खाली स्थानों का उपयोग अपनी जीविका चलाने के लिए कर सके।
उन्होंने आप प्रत्याशी से सवाल किया है कि लंबित 351 सड़कों को मिक्स लैंड यूज के तहत अधिसूचित किए जाने का कार्य अभी तक क्यों नहीं हुआ है? जबकि सत्ता में आने के बाद से आप पार्टी लगातार इस मुद्दे पर विचार करने का हवाला दे रही है। उन्होंने ये भी पूछा है कि 1700 से अधिक अनधिकृत कॉलोनियां हैं जिनमें लगभग 40 लाख लोग रहते हैं। अब तक इन कॉलोनियों का सीमांकन क्यों नहीं किया? इस मुद्दे को ले कर बार-बार मांगे उठाई है पर उसके बावजूद दिल्ली सरकार ने अभी तक इस पर कोई ठोस कदम नहीं उठाया है।