- छात्रा की आत्महत्या को बताया शिक्षा व्यवस्था की विफलता
अमर उजाला ब्यूरो
नई दिल्ली। मध्य प्रदेश में नीट परीक्षा से जुड़े कथित पेपर लीक मामले के बाद एक छात्रा की आत्महत्या को लेकर आम आदमी पार्टी ने केंद्र सरकार पर निशाना साधा है। पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल ने घटना को शिक्षा व्यवस्था की गंभीर विफलता बताते हुए शिक्षा माफिया के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की। केजरीवाल ने कहा कि छात्रा के परिवार ने उसे डॉक्टर बनाने के सपने के लिए कर्ज लिया था, लेकिन परीक्षा से जुड़ी अनियमितताओं और दोबारा परीक्षा के दबाव से परेशान होकर उसने आत्महत्या कर ली। उन्होंने दावा किया कि छात्रा ने अपने सुसाइड नोट में दोबारा परीक्षा देने में असमर्थता जताई थी। उन्होंने कहा कि केवल दोबारा परीक्षा कराना समाधान नहीं है। जब तक पेपर लीक और परीक्षा अनियमितताओं में शामिल लोगों पर कड़ी कार्रवाई नहीं होगी, तब तक छात्रों और उनके परिवारों को न्याय नहीं मिल सकेगा।