नई दिल्ली। दिल्ली के सदर बाजार में मंगलवार की बारिश के बाद जलभराव को लेकर आम आदमी पार्टी ने भाजपा सरकार पर निशाना साधा है। आप दिल्ली प्रदेश अध्यक्ष सौरभ भारद्वाज ने कमर तक भरे पानी में स्कूल जाते बच्चों का वीडियो साझा कर कहा कि भाजपा सरकार का विकास सदर बाजार में तैर रहा है।
सौरभ भारद्वाज ने एक्स पर पोस्ट कर लिखा कि दिल्ली के सबसे बड़े थोक बाजार सदर बाजार में स्कूली बच्चे कमर तक भरे पानी में गुजरने को मजबूर हैं। थैंक यू सीएम रेखा गुप्ता जी, जेन-जी के बाद अब जेन अल्फा भी भाजपा सरकार की कर्जदार रहेगी। वीडियो में दिख रहा है कि छोटे बच्चे माता-पिता के कंधों पर बैठकर पानी पार कर रहे हैं और दुकानों में भी पानी भर गया है।
एमसीडी में नेता प्रतिपक्ष अंकुश नारंग ने कहा कि राजधानी में भाजपा की चार इंजन सरकार जलभराव रोकने में पूरी तरह नाकाम है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री, मंत्री और मेयर के बड़े-बड़े दावों की पोल खुल गई। सदर बाजार के अलावा कनॉट प्लेस में भी जलभराव हुआ और एक मशहूर रेस्तरां में पानी घुस गया। ब्यूरो