आम आदमी पार्टी ने एक बार फिर बृहस्पतिवार को उपराज्यपाल पर हमला बोला। पार्टी के उत्तरी-पूर्वी दिल्ली लोकसभा प्रभारी दिलीप पांडेय ने कहा कि सरकार ने 24 घंटे पहले फूड कमिश्नर (खाद्य आयुक्त) को बर्खास्त करने का निर्देश जारी किया था।
अभी तक उपराज्यपाल ने इस पर कोई संज्ञान नहीं लिया। पांडेय का आरोप है कि इससे उपराज्यपाल से लेकर भाजपा नेताओं की मिलीभगत उजागर हो जाती है। फूड कमिशनर को बचाने के लिए सभी एक साथ खड़े नजर आ रहे हैं।
दिलीप पांडेय ने कहा कि बुधवार को मंत्री इमरान हुसैन ने प्रमाण के साथ खुलासा किया था कि नांगलोई इलाके में राशन की दुकान पर बड़ा घोटाला हो रहा है। मंत्री से रिपोर्ट मिलने पर मुख्यमंत्री ने फूड कमिश्नर को हटाने का निर्देश जारी किया। साथ ही इसकी फाइल उपराज्यपाल को भी भेज दी।
लेकिन, 24 घंटे बाद अभी तक कोई कार्रवाई उपराज्याल ने नहीं की है। उन्होंने सवाल किया कि ऐसी हालत में क्यों न माना जाए कि राशन की लूट में उपराज्यपाल व भाजपा नेताओं की भी हिस्सेदारी है। दिलीप पांडेय ने कहा कि दिल्लीवाले घोटालेबाजी के इस गठजोड़ को समझ रहे हैं। 2019 के चुनाव में इसका करार जवाब भाजपा को मिलेगा।