आम आदमी पार्टी के विधायक अनिल झा का आरोप है कि करावल नगर के एक स्कूल में 10 रोहिंग्या बच्चों को एडमिशन दिया गया है। भाजपा को भारत के गरीबों, दलितों और अल्पसंख्यकों की चिंता नहीं है, उन्हें केवल रोहिंग्याओं की चिंता है।
आम आदमी पार्टी के विधायक अनिल झा ने कहा कि करावल नगर में दिल्ली सरकार के स्कूलों में करीब दस रोहिंग्या स्टूडेंट्स को एडमिशन दिया गया है। हमारे पास इसकी पुख्ता जानकारी और सबूत हैं। वहां से विधायक जो मंत्री भी हैं, वे बताएं कि इन अवैध विदेशियों को क्यों एडमिशन दिया गया है।
विज्ञापन
उन्होंने कहा, 'करावल नगर के एक स्कूल में भारतीय बच्चों का हक मारकर 10 रोहिंग्या बच्चों को एडमिशन दिया गया है। इससे पहले केंद्रीय मंत्री हरदीप सिंह पुरी भी रोहिंग्या को EWS फ्लैट में बसाने की बात कह चुके हैं। भाजपा को भारत के गरीबों, दलितों और अल्पसंख्यकों की चिंता नहीं है, उन्हें केवल रोहिंग्याओं की चिंता है। देश की सभी सेनाएं, सुरक्षा और खुफिया एजेंसी केंद्र सरकार की हैं लेकिन इसके बावजूद हजारों की संख्या में रोहिंग्या दिल्ली-एनसीआर में रह रहे हैं। दिल्ली में हज़ारों लोग बेघर हैं लेकिन केंद्र सरकार रोहिंग्या को EWS फ्लैट्स देने की बात कह रही है। अब दिल्ली सरकार के स्कूलों में रोहिंग्या बच्चों को एडमिशन दिया गया है।'
आप विधायक ने कहा कि अपनी दोहरी नीतियों के कारण केंद्र सरकार, दिल्ली और देश को अस्थिर कर रही है। दिल्ली में रह रहे जो हमारे बच्चे हैं, BJP सरकार में उनके हक को मारकर रोहिंग्या घुसपैठियों को प्राथमिकता दी जा रही है। यह सरासर गलत है। भारत में दलितों, गरीबों और अल्पसंख्यक समाज के बच्चे पढ़ नहीं पा रहे हैं लेकिन दिल्ली की बीजेपी सरकार को उनकी चिंता नहीं है। दिल्ली सरकार घुसपैठियों के लिए रेड कारपेट बिछा रही है और उन्हें इन रोहिंग्या घुसपैठियों की चिंता ज्यादा है।