राजधानी में स्कूल से 100 मीटर दायरे में आने वाली शराब की दुकानें बंद कराने के लिए आम आदमी सेना कार्यकर्ताओं ने उपमुख्यमंत्री मनीष सिसोदिया के घर के सामने हंगामा किया।
सेना के दो कार्यकर्ताओं भावना अरोड़ा व वेदप्रकाश ने हाथ में हथकड़ी लगाकर मनीष सिसोदिया के आवास के गेट से खुद को लॉक कर लिया। शनिवार सुबह भावना अरोड़ा व वेद प्रकाश समर्थकों के साथ मनीष सिसोदिया के घर पहुंचे।
पहले खुद के हाथ में हथकड़ी लगाई, फिर दोनों ने हथकड़ी का एक सिरा गेट में डालकर लॉक कर लिया। साथी वहां से चाभी लेकर फरार हो गए। दोनों स्कूल के पास खुली शराब की दुकानें बंद कराने की मांग कर रहे थे।
कटर के जरिये हथकड़ी काटकर पुलिस ने हिरासत में लिया
आम आदमी सेना का प्रदर्शन
- फोटो : अमर उजाला
सूचना पर पुलिस पहुंच गई। पहले चाभी मांगने की कोशिश की, लेकिन फिर कटर के जरिये हथकड़ी काटकर पुलिस ने डीपी एक्ट 65 के तहत दोनों को हिरासत में लिया। करीब दो घंटे तक थाने में बिठाने के बाद उन्हें छोड़ दिया गया। इस दौरान दोनों वहीं सरकार के खिलाफ नारेबाजी करते रहे।
भावना अरोड़ा के मुताबिक, दिल्ली में कई स्कूल हैं, जहां आस-पास शराब की दुकानें खुली हैं। गुरुग्राम में रायन स्कूल का मामला आया तो दिल्ली सरकार ने शराब की दुकानें बंद कराने की बात कही थी, लेकिन अब तक उस पर अमल नहीं हुआ।
उन्हें याद दिलाने के लिए हमें यह सब करना पड़ा। उन्होंने कहा कि कई बार सरकार को ज्ञापन दे चुके हैं, लेकिन न तो उनकी बात सुनी जाती है, न ही मंत्री से मिलने दिया जाता है।
आज भी मिलने आए थे, लेकिन न मिलने देने पर ऐसा कदम उठाया ताकि मंत्री बाहर आएं तो उनसे मिला जा सके। बताते चलें कि भावना अरोड़ा मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल पर एक कार्यक्रम में स्याही फेंक चुकी हैं।