आम आदमी पार्टी (आप) ने सीबीआई और वरिष्ठ आईएएस अधिकारियों की साठगांठ की बात करते हुए भ्रष्टाचार का आरोप लगाया है। इसके पीछे बीते दिनों दक्षिणी दिल्ली के ऑफिसर्स क्लब में सीबीआई की छापेमारी का हवाला दिया।
पार्टी की मांग की है कि सीबीआई को इस मामले में बताना चाहिए कि छापे के दौरान कौन-कौन सी चीजें और दस्तावेज बरामद हुए। इसमें किन-किन अधिकारियों की मिलीभगत है।
पार्टी कार्यालय में मीडिया से बात करते हुए आप विधायक सौरभ भारद्वाज ने बताया कि चाणक्यपुरी के पालिका सर्विसेज ऑफिसर्स इंस्टीट्यूट (पीएसओआई) के क्लब में छापा मारा था। यह क्लब आम आदमी की पहुंच से दूर है।
छापेमारी के दौरान पता चला है कि कैंटीन का खान-पान प्रबंधक पूरा रैकेट चलाता है। वह वरिष्ठ आईएएस अधिकारियों व सीबीआई अधिकारियों के बीच साठ-गांठ करवाता है। उसके पास से दिल्ली के अफसरों की निजी दस्तावेज मिले। क्लब में आने से पहले वह सीबीआई कैंटीन चलाता था।