नगर निगम चुनाव में करारी हार के बाद आम आदमी पार्टी की अंतर्कलह अब खुलकर सामने आने लगी है। सोमवार को मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल के आवास पर आयोजित पीएसी (पॉलिटिकल अफेयर्स कमेटी) की बैठक शुरू होने के कुछ देर बाद ही कुमार विश्वास के खिलाफ मोर्चा खोले आप विधायक अमानतुल्लाह खान ने पीएसी से इस्तीफा दे दिया।
उपमुख्यमंत्री मनीष सिसोदिया ने इस्तीफा मंजूर होने की पुष्टि भी कर दी। बैठक शुरू होने के बाद कुछ देर बाद ही अमानतुल्लाह बाहर आए। उन्होंने मीडिया से बातचीत में कहा कि मैने अपनी मर्जी से इस्तीफा दिया है। इस्तीफा देने के बाद उन्होंने फिर कुमार विश्वास पर हमला बोला। अमानतुल्लाह ने कहा कि विश्वास आरएसएस के साथ मिले हुए हैं। अभी उन्हें (पार्टी नेताओं को) मालूम नहीं पड़ रहा है।
उन्होंने कहा कि जब दिल्ली में आप विधायक गिरफ्तार हो रहे थे, तब कुमार विश्वास ने जन्मदिन पार्टी में तत्कालीन पुलिस कमिश्नर बीएस बस्सी को दावत पर बुलाया था। वहीं, अमानतुल्लाह के समर्थकों ने मुख्यमंत्री आवास के बाहर प्रदर्शन करते हुए केजरीवाल और विश्वास के खिलाफ नारेबाजी की। उधर, पीएसी बैठक में कुमार विश्वास नाराज होने के चलते नहीं पहुुंचे, जिसे लेकर बैठक में चर्चा भी हुई। साथ ही पार्टी नेताओं की ओर से बीते कुछ दिनों से हो रही बयानबाजी पर भी चर्चा की गई।